राजकोट। सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे एकदिवसीय मैच के दौरान पैट कमिंस का बाउंसर पसलियों पर लगने से भारत के चोटिल खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो गये।
संयोग से वह कमिंस का बाउंसर ही थी जिसके कारण विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत के सिर में चोट लगी थी और उन्हें सीटी स्कैन के लिये अस्पताल ले जाना पड़ा था। इस कारण वह दूसरे मैच से बाहर हो गये थे।
बीसीसीआई ने विज्ञप्ति में कहा, शिखर धवन की दायीं तरफ की पसलियों पर चोट लगी। वह आज क्षेत्ररक्षण के लिये मैदान पर नहीं उतरेंगे। युजवेंद्र चहल उनकी जगह क्षेत्ररक्षण कर रहे हैं।

धवन भारतीय पारी के दसवें ओवर की दूसरी गेंद पर चोटिल हो गये थे। उन्होंने दर्द के बावजूद 96 रन की पारी खेली जिससे भारत ने छह विकेट पर 340 रन बनाये।
Shikhar Dhawan will not take the field in the second ODI after being hit on the rib-cage off Pat Cummins’ delivery during his 96-run knock. https://t.co/CDFONkHkTJ
— India TV (@indiatvnews) January 17, 2020
यह भी संयोग है कि विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच के दौरान धवन चोटिल हो गये थे। तब नाथन कूल्टर नाइल की उठती गेंद उनके अंगूठे पर लगी थी।

धवन ने उस मैच में भी सर्वाधिक 117 रन बनाये थे और भारत को जीत दिलायी थी। लेकिन चोट के कारण वह टूर्नामेंट में आगे नहीं खेल पाये थे और दो महीने तक क्रिकेट से बाहर रहे थे।