राजगीर (नालंदा), 15 सितंबर। सोमवार को राजगीर का स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स दिव्यांगजन खिलाड़ियों की उमंग और उत्साह से झूम उठा। यहां आयोजित राजव्यापी दिव्यांगजन खेल प्रतियोगिता 2025 ने साबित कर दिया कि शारीरिक सीमाओं को पीछे छोड़कर भी खिलाड़ी अपने जुनून और मेहनत से मैदान में कमाल कर सकते हैं।
प्रतियोगिता में नालंदा और नवादा जिलों के 132 प्रतिभागियों ने 800 मीटर और 100 मीटर दौड़, शॉटपुट, डिस्कस, जैवलिन, हाइजंप और लॉन्गजंप जैसे विभिन्न इवेंट्स में भाग लिया। हर खिलाड़ी ने मैदान पर उत्साह और जोश का ऐसा प्रदर्शन किया कि दर्शक तालियों से उनका हौसला बढ़ाते रहे। विजेता खिलाड़ियों को मेडल और सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया।
इस आयोजन का संचालन जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, जिला खेल विभाग और जिला पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. शिवाजी कुमार (पूर्व आयुक्त, निशक्तता, बिहार, पटना), बिहार पारा स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सचिव संदीप कुमार, नालंदा पैरा स्पोर्ट्स के अध्यक्ष डॉ. अरविन्द कुमार सिन्हा और सचिव कुंदन कुमार पांडे, श्री मिथिलेश कुमार,उपनिदेशक, राजगीर स्पोर्ट्स कंपलेक्स एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण के शगुफ्ता प्रवीण सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों की मौजूदगी रही।
समारोह का दीप प्रज्ज्वलन से शुभारंभ हुआ। इसके बाद खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट और मशाल लेकर ग्राउंड का परिक्रमा किया, जो उत्साह और प्रेरणा का प्रतीक बन गया।
मुख्य अतिथि डॉ. शिवाजी कुमार ने विजेताओं को मेडल प्रदान करते हुए कहा कि खेल केवल फिटनेस ही नहीं सिखाते, बल्कि आत्म-सम्मान, अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम वर्क का पाठ भी देते हैं। यह हमें जीवन को सकारात्मक दृष्टिकोण से जीने का अवसर प्रदान करता है।
राजगीर के इस खेल महोत्सव ने यह संदेश दिया कि दिव्यांगजन भी उत्साह और मेहनत के दम पर किसी से पीछे नहीं हैं, और उनका जोश हर दर्शक के दिल में प्रेरणा की लहर छोड़ गया।
100 मीटर अंडर-17 बालिका
टी 20-47 : स्वर्ण-नेहा कुमारी (नालंदा), रजत-अमीषा कुमारी (नालंदा), कांस्य-सुरभि कुमारी (नालंदा)
सीनियर महिला शॉटपुट एफ 46, 13, 36 : स्वर्ण-उन्नति पटेल (नालंदा), रजत-सरिता कुमारी (नालंदा), कांस्य-शौर्य देवी (नालंदा)
शॉटपुर सीनियर पुरुष एफ20-37 : स्वर्ण-आदित्य राज गौतम (नालंदा), रजत-अभय कुमार (नालंदा), कांस्य-विकास कुमार (नालंदा)
100 मीटर अंडर-17 बालक टी20 : स्वर्ण-अक्षत राज (नालंदा), रजत-चंदन कुमार (नालंदा), कांस्य-रवि कुमार (नालंदा)
अंडर-17 बालक टी37, 44, 47 : स्वर्ण-रजनीश कुमार, रजत-भूषण कुमार, कांस्य-आशीष कुमार
टी11,13,20,30,46 बालक : स्वर्ण-अनुपम कुमार, रजत-शिव संटू कुमार, कांस्य-अशद अख्तर।
टी30 बालक : स्वर्ण-धीरज कुमार, रजत-आर्यन राज।
शॉट पुर एफ35-34 : स्वर्ण-उज्ज्वल रंजन (नालंदा), रजत-विमलेश कुमार (नालंदा), कांस्य-विशांत कुमार (नालंदा)

