भागलपुर, 14 मार्च। राघवेंद्र प्रताप (123 रन, 4 विकेट) के ऑलराउंड प्रदर्शन की बदौलत बांका ने बीसीए मेंस अंडर-23 वनडे ट्रॉफी 2025-26 के अंगिका जोन के लीग मुकाबले में मुंगेर को 115 रन के भारी अंतर से पराजित किया।
मैच का सार
स्थानीय सैंडिस कंपाउंड मैदान पर खेले गए मैच में बांका ने टॉस जीत कर पहले बैटिंग करते हुए 50 ओवर में नौ विकेट पर 314 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। जवाब में मुंगेर की टीम 40.4 ओवर में 199 रन पर ऑल आउट हो गई। विजेता टीम के राघवेंद्र प्रताप को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया
बांका की बैटिंग
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बांका की टीम ने निर्धारित 50 ओवर में 9 विकेट पर 314 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से राघवेंद्र प्रताप सिंह ने 115 गेंदों पर 123 रन की शानदार शतकीय पारी खेली, जिसमें 14 चौके और 4 छक्के शामिल थे।
उनके अलावा समीर भारती ने 58 रन और कप्तान विनीत चौधरी ने 58 गेंदों पर 53 रन की उपयोगी पारी खेलकर टीम के स्कोर को मजबूत बनाया। अतिरिक्त के रूप में टीम को 26 रन मिले। आदर्श सिंह ने 26 और रितेश राय ने 11 रन की पारी खेली।
मुंगेर की ओर से गेंदबाजी में कप्तान प्रशांत कुमार ने 10 ओवर में 81 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि राजनीश कुमार ने 2 विकेट हासिल किए।
मुंगेर की बैटिंग
315 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंगेर की टीम 40.4 ओवर में 199 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। मुंगेर के लिए अनमोल विश्वास ने 66 गेंदों में 63 रन की पारी खेली, जबकि रजनीश कुमार ने 35 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।
बांका की ओर से राघवेंद्र प्रताप सिंह ने गेंदबाजी में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 4.4 ओवर में 24 रन देकर 4 विकेट झटके। इसके अलावा नवनीत शाश्वत ने 2 विकेट हासिल किए।
संक्षिप्त स्कोर
बांका : 314/9 (50 ओवर), राघवेंद्र प्रताप सिंह 123, समीर भारती 58, विनीत चौधरी 53, आदर्श सिंह 25, रितेश राय 11, प्रशांत कुमार 3/81, रजनीश कुमार 2/32, श्वेत ठाकुर 1/43, साजिद चांद 2/43, आनंद देव 1/62
मुंगेर : 199 ऑल आउट (40.4 ओवर), अनमोल विश्वास 63, रजनीश कुमार 35,समयू कुमार शानू 13, शिवम कुमार 17, प्रशांत कुमार 19, अतिरिक्त 32, राघवेंद्र प्रताप सिंह 4/24, नवनीत शाश्वत 2/52, आकाश सिंह 1/35, आदित्य कुमार 1/44