पटना। बिहार राज्य कबड्डी संघ के तत्वावधान में मुजफ्फरपुर जिला कबड्डी संघ की मेजबान में कुढ़नी प्रखंड के किशुनपुर मधुबन खेल मैदान पर शुक्रवार को संपन्न 19वीं बिहार राज्य सब जूनियर बालिका कबड्डी प्रतियोगिता का खिताब पटना की टीम ने जीत लिया।
फाइनल मुकाबले में पटना ने बेगूसराय को 31-29 से पराजित किया। इस मैच के पहले हाफ में पटना के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। पहले हाफ तक पटना की टीम 20-9 से आगे थी। दूसरे हाफ में पटना के खिलाड़ियों ने सुस्ती बरती जिसका फायदा बेगूसराय ने उठाया और मैच खत्म होने के पांच मिनट पहले तक स्कोर 27-27 कर लिया, लेकिन अंतत: पटना ने यह मैच 31-29 से जीत लिया। पटना की ओर से सुरुचि, लक्ष्मी, सिमरन, प्रतिभा और लक्ष्मी प्रथम ने शानदार खेल जबकि बेगूसराय की ओर से आरती, रिया, प्रियंका, अंजलि, स्नेहा, रत्नप्रिया और वर्षा ने बढ़िया खेल दिखाये। पटना के सुरुचि को बेस्ट रेडर जबकि बेगूसराय के आरती को बेस्ट कैच का पुरस्कार दिया गया। यह जानकारी बिहार राज्य कबड्डी संघ के सचिव कुमार विजय ने दी।