अररिया, 20 जनवरी। अररिया कॉलेज स्टेडियम में चल रही अररिया जिला सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग में सोमवार को खेले गए मैच में डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एकेडमी ग्रीन ने प्रशांत क्रिकेट एकेडमी को 162 रनों के बड़े अंतर से शानदार जीत दर्ज की। मैच के नायक पंकज रहे, जिन्हें उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
टॉस जीतकर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एकेडमी (डीसीए ग्रीन) ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और निर्धारित 30 ओवरों में 279 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। पंकज ने 63 गेंदों में नाबाद 92 रन बनाकर टीम की पारी को मजबूती दी। उनके अलावा रोहित राज ने 50 गेंदों में 57 रन और अक्षय कुमार ने 26 गेंदों में 42 रनों की तेज पारी खेली। प्रशांत क्रिकेट एकेडमी की ओर से गेंदबाजी में मिस्बाहुल, रफीक और सरोज को एक-एक विकेट मिला, लेकिन वे रनगति पर नियंत्रण नहीं कर सके।
280 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्रशांत क्रिकेट एकेडमी की टीम डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एकेडमी के गेंदबाजों के सामने ज्यादा देर तक टिक नहीं सकी और पूरी टीम 117 रनों पर सिमट गई। पी.सी.ए की ओर से एजाज ने 34 रन, रफीक ने 27 रन और फिरोज ने 18 रनों का योगदान दिया।
डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एकेडमी की गेंदबाजी काफी प्रभावशाली रही। मनीष ने 4.4 ओवर में 16 रन देकर 4 विकेट झटके, सुभम ने 6 ओवर में 34 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि अक्षय ने 6 ओवर में 32 रन देकर 2 विकेट हासिल किए।
इस तरह डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एकेडमी ने यह मुकाबला 162 रनों से अपने नाम किया। मैच के अंपायर तनवीर आलम और अनामी शंकर रहे, जबकि स्कोरर की भूमिका अंकित ने निभाई। इस अवसर पर जिला क्रिकेट संघ के सचिव राजेंद्र प्रसाद यादव, पूर्व काउंसलर बीसीए ओम प्रकाश जयसवाल, अश्वनी कुमार, ग्राउंड्समैन राजेश कुमार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे।