नईदिल्ली, 7 दिसंबर। 2011 विश्व कप वनडे की विजेता टीम भारत के कोच रहे दक्षिण अफ्रीका के गैरी कर्स्टन अब नई भूमिका में नजर आयेंगे। नामीबिया क्रिकेट बोर्ड ने अपने राष्ट्रीय पुरुष क्रिकेट टीम का सलाहकार नियुक्त किया है। कर्स्टन अब टीम के मुख्य कोच क्रेग विलियम्स के साथ मिलकर टी20 विश्व कप 2025 की तैयारियों में अहम योगदान देंगे। यह विश्व कप अगले साल फरवरी और मार्च में भारत तथा श्रीलंका में आयोजित होगा।
क्रिकेट नामीबिया के नए दौर की शुरुआत
क्रिकेट नामीबिया द्वारा जारी बयान में कर्स्टन ने कहा कि बोर्ड का नया अत्याधुनिक क्रिकेट स्टेडियम यह साबित करता है कि वे अपनी राष्ट्रीय टीमों को विश्व की शीर्ष क्रिकेट खेलों वाला देश बनाने के बराबर लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि नामीबिया की सीनियर पुरुष टीम शानदार प्रदर्शन कर रही है और मैं टी20 विश्व कप की तैयारी में टीम की मदद करने के लिए उत्साहित हूं।
यह भी पढ़ें : एमएलएस कप फुटबॉल में मुलर पर भारी पड़े मेसी
भारत को विश्व कप दिलाने वाले कोच की नई चुनौती
दक्षिण अफ्रीका के पूर्व सलामी बल्लेबाज कर्स्टन ने 2004 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद कोचिंग की शुरुआत की। 2007 में उन्हें भारतीय टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया गया और उनके कार्यकाल में भारत ने 2011 वनडे विश्व कप जीता जो उनकी कोचिंग करियर की सबसे बड़ी उपलब्धियों में एक है। वे आईपीएल फ्रेंचाइजी मुंबई इंडियंस के भी कोच रह चुके हैं।
वैश्विक स्तर पर कोचिंग का लंबा अनुभव
कर्स्टन बाद में दक्षिण अफ्रीका के मुख्य कोच बने और दुनिया की कई टी20 फ्रैंचाइज़ी टीमों के साथ भी जुड़े रहे। साल 2024 में उन्होंने पाकिस्तान की पुरुष टीम के मुख्य कोच के रूप में भी काम किया।