नई दिल्ली, 3 जनवरी। अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की घरेलू एकदिवसीय श्रृंखला के लिए चुनी गई 15 सदस्यीय भारतीय टीम में वापसी की है। वहीं श्रेयस अय्यर को फिटनेस मंजूरी मिलने की स्थिति में ही टीम में शामिल किया जाएगा।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू श्रृंखला में नजरअंदाज किए गए सिराज की एकदिवसीय टीम में फिर से जगह बनी है। श्रेयस अय्यर नवंबर में ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान तिल्ली में चोट लगने के कारण अस्पताल में भर्ती हुए थे। उन्हें बीसीसीआई के उत्कृष्टता केंद्र (सीओई) से फिटनेस प्रमाणपत्र प्राप्त करने के लिए इस महीने विजय हजारे ट्रॉफी में अपनी मैच फिटनेस साबित करनी होगी।
हरफनमौला हार्दिक पंड्या को सीओई से एक मैच में 10 ओवर गेंदबाजी की अनुमति नहीं मिलने के कारण चयनकर्ताओं ने उन्हें इस श्रृंखला के लिए टीम में शामिल नहीं किया। यह श्रृंखला 11 जनवरी से वडोदरा में शुरू होगी, जबकि शेष दो मुकाबले 14 जनवरी को राजकोट और 18 जनवरी को इंदौर में खेले जाएंगे।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ श्रृंखला में शतक जड़ने के बावजूद ऋतुराज गायकवाड़ को चयनकर्ताओं ने इस टीम में जगह नहीं दी।
न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे श्रृंखला के लिए भारतीय टीम:
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (उपकप्तान – फिटनेस मंजूरी के अधीन), वाशिंगटन सुंदर, रविंद्र जड़ेजा, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा, कुलदीप यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), नितीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह, यशस्वी जायसवाल।