ब्रिसबेन, 2 सितंबर। ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी तेज़ गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने मंगलवार को टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी। 35 वर्षीय स्टार्क ने कहा कि उनका लक्ष्य आने वाले वर्षों में टेस्ट और वनडे क्रिकेट पर फोकस करना है।
स्टार्क ने अपने कैरियर में अब तक 65 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 79 विकेट झटके हैं। वह इस प्रारूप में ऑस्ट्रेलिया के लिए दूसरे सबसे सफल गेंदबाज हैं। उनसे आगे केवल एडम जाम्पा हैं, जिन्होंने 103 मैचों में 130 विकेट लिए हैं।
स्टार्क ने कहा कि मैंने हर टी20 मैच का आनंद लिया है, खासकर 2021 विश्व कप जीत, जो मेरे लिए बेहद खास रही। लेकिन अब भारत में टेस्ट सीरीज़, एशेज और 2027 वनडे विश्व कप जैसे बड़े टूर्नामेंट्स के लिए फिट और तैयार रहना मेरी प्राथमिकता है।”
न्यूजीलैंड के खिलाफ अक्टूबर में शुरू हो रही तीन मैचों की टी20 सीरीज़ के लिए घोषित टीम में स्टार्क और कप्तान पैट कमिंस को शामिल नहीं किया गया है।
आईपीएल में स्टार्क हमेशा से आकर्षण का केंद्र रहे हैं। 2024 में कोलकाता नाइट राइडर्स ने उन्हें 24.75 करोड़ रुपये में खरीदा था और उनकी शानदार गेंदबाज़ी से टीम ने खिताब जीता। वहीं 2025 सीज़न में दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें 11.75 करोड़ रुपये में शामिल किया।
स्टार्क 2015 वनडे विश्व कप और 2023 विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया की जीत के नायक रहे। अब उनका लक्ष्य रिकी पोंटिंग, एडम गिलक्रिस्ट और ग्लेन मैक्ग्रा के बाद तीन वनडे विश्व कप जीतने वाले चौथे ऑस्ट्रेलियाई बनने का है।
ऑस्ट्रेलियाई चयन समिति के प्रमुख जॉर्ज बेली ने कहा, “स्टार्क को अपने टी20 करियर पर गर्व होना चाहिए। वह 2021 विश्व कप विजेता टीम का अहम हिस्सा थे। अच्छी बात यह है कि वह टेस्ट और वनडे क्रिकेट में अपनी सेवाएं देते रहेंगे।”
