बेगूसराय, 30 दिसंबर। स्थानीय गांधी स्टेडियम में मंगलवार, 30 दिसंबर को बेगूसराय प्रीमियर लीग (BPL) सीजन-9 के अंतर्गत खेले गए मुकाबले में मटिहानी वॉरियर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नौला नाइटराइडर्स को 58 रनों से पराजित किया।
मैच से पूर्व तेघरा विधायक रजनीश सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उन्हें संबोधित करते हुए कहा कि बेगूसराय के खिलाड़ियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जिले के खिलाड़ी लगातार अपने खेल से राज्य और जिले का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने बेगूसराय प्रीमियर लीग के सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति के सदस्यों की सराहना भी की।
मटिहानी वॉरियर्स ने बनाए 162 रन
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मटिहानी वॉरियर्स की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 162 रन बनाए। टीम की ओर से अनमोल रवि ने शानदार 66 रन की पारी खेली, जबकि सचिन ने 22 रन का योगदान दिया। नौला नाइटराइडर्स की ओर से गेंदबाजी में कमलेश और वीरेंद्र ने 2-2 विकेट झटके।
नौला नाइटराइडर्स 104 रन पर सिमटी
163 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नौला नाइटराइडर्स की टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर मात्र 104 रन ही बना सकी। टीम की ओर से संभव सिंह ने सर्वाधिक 41 रन बनाए। मटिहानी वॉरियर्स की ओर से गेंदबाजी में प्रेम ने 3 विकेट, जबकि सुमित और अजिंक्य ने 2-2 विकेट लेकर टीम की जीत सुनिश्चित की।
आयोजन और आगामी मुकाबला
मैच में मुख्य निर्णायक की भूमिका शाहिद अख्तर और विश्वजीत कुमार ने निभाई, जबकि स्कोरर के रूप में रामकुमार मौजूद रहे। इस अवसर पर जिला क्रिकेट संघ के सचिव मृत्युंजय कुमार वीरेश और संयोजक निराला कुमार भी उपस्थित थे। जिला क्रिकेट संघ के मीडिया प्रभारी विवेक कुमार ने जानकारी दी कि बेगूसराय प्रीमियर लीग का अगला मुकाबला 2 जनवरी को बरौनी सुपर किंग्स बनाम बेगूसराय चैलेंजर्स के बीच खेला जाएगा।