मधुबनी, 25 जनवरी। मधुबनी जिला क्रिकेट संघ इस समय संगठनात्मक विभाजन के दौर से गुजर रहा है। पदाधिकारियों के निर्णयों और संवैधानिक प्रक्रियाओं को लेकर उत्पन्न मतभेदों के बाद संघ दो अलग-अलग खेमों में बंटा हुआ नजर आ रहा है। एक ओर अध्यक्ष के नेतृत्व वाला खेमा सक्रिय बताया जा रहा है, जबकि दूसरी ओर सचिव के नेतृत्व वाला गुट अपने स्तर पर निर्णय और प्रक्रियाएं आगे बढ़ा रहा है।
इस बीच रविवार को कीर्तन भवन रोड, मधुबनी में संघ की विशेष आम सभा आयोजित की गई, जिसमें संगठन से जुड़े हालिया विवादों और चुनावी प्रक्रियाओं पर चर्चा की गई। संघ के संविधान के नियम 21 (a) (III) के तहत क्लबों के विशेष अनुरोध पर सचिव द्वारा 15 जनवरी 2026 को सभी निबंधित क्लबों को विशेष आम सभा की सूचना दी गई थी।
बैठक में जिला क्रिकेट संघ से निबंधित 14 क्लबों में से 9 क्लबों के प्रतिनिधियों ने वैध प्रतिनिधित्व पत्र के साथ भाग लिया। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से सचिव के कार्यों पर पूर्व में लगाई गई रोक को समाप्त करने का निर्णय लिया। साथ ही अध्यक्ष द्वारा अब तक लिए गए निर्णयों को भी निरस्त किए जाने की घोषणा की गई, जिससे संघ के भीतर चल रहा मतभेद और स्पष्ट रूप से सामने आ गया।
विशेष आम सभा में आमंत्रित चुनाव पदाधिकारी श्रवण कुमार झा, अधिवक्ता ने सदस्यों को अवगत कराया कि 8 दिसंबर 2025 को सचिव को एक चुनाव संबंधी आपत्ति पत्र प्राप्त हुआ था। यह आपत्ति संघ के संविधान के नियम 27 (1) से संबंधित थी। जांच के उपरांत यह निष्कर्ष सामने आया कि संघ के उपाध्यक्ष हरे कान्त झा एवं संयुक्त सचिव राकेश कुमार सिंह का निर्वाचन संवैधानिक प्रावधानों के अनुरूप नहीं पाया गया।
इस निष्कर्ष के आधार पर बैठक में उपस्थित सदस्यों ने दोनों पदाधिकारियों को पदमुक्त करने का निर्णय लिया। साथ ही यह भी तय किया गया कि उपाध्यक्ष एवं संयुक्त सचिव पद के लिए 11 फरवरी 2026 को पुनः चुनाव कराया जाएगा। उक्त चुनाव के संचालन के लिए श्रवण कुमार झा को ही चुनाव पदाधिकारी नियुक्त करने पर भी सहमति बनी।
हालांकि, अध्यक्ष खेमे की ओर से इन निर्णयों को लेकर अलग राय सामने आने की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है। संघ के भीतर दो समानांतर गुटों की सक्रियता के कारण आने वाले दिनों में प्रशासनिक गतिविधियों और चुनावी प्रक्रिया को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद जताई जा रही है।
संघ से जुड़े जानकारों का मानना है कि मौजूदा घटनाक्रम ने मधुबनी जिला क्रिकेट संघ के सामने संगठनात्मक एकता और पारदर्शी संचालन को लेकर नई चुनौतियां खड़ी कर दी हैं। अब सभी की निगाहें 11 फरवरी को प्रस्तावित चुनाव और उसके बाद बनने वाले समीकरणों पर टिकी हुई हैं।
बैठक के दौरान अनंत ठाकुर (अध्यक्ष, टाउन क्रिकेट क्लब), चण्डेश्वर मिश्रा (अध्यक्ष, टाउन क्रिकेट एकेडमी), पवन कुमार झ (सचिव, नारायणपट्टी क्रिकेट क्लब), अमरेन्द्र प्रसाद सिंह (अध्यक्ष, डायमंड रेड क्रिकेट क्लब), चन्दन कुमार (सचिव, रुद्रपुर क्रिकेट क्लब), वेद प्रकाश (कोषाध्यक्ष, भच्छी क्रिकेट क्लब), कुमार अमित (कोषाध्यक्ष, झंझारपुर क्रिकेट क्लब), मो सरफराज (सचिव, यासीन क्रिकेट क्लब) और नविन कुमार (सचिव, टाउन क्रिकेट क्लब रेड) उपस्थित थे।