Thursday, February 26, 2026
Home Slider जानिए टी20 विश्व कप क्रिकेट भारतीय टीम के खिलाड़ियों के बारे में

जानिए टी20 विश्व कप क्रिकेट भारतीय टीम के खिलाड़ियों के बारे में

टी20 विश्व कप 7 फरवरी 2026 से आयोजित

by Khel Dhaba
0 comment

नई दिल्ली, 20 दिसंबर। भारत में अगले वर्ष सात फरवरी से शुरू होने वाले टी20 विश्व कप के लिए चयनकर्ताओं ने खिलाड़ियों की मौजूदा फॉर्म, बहुमुखी प्रतिभा और घरेलू परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए टीम का चयन किया है। इस वैश्विक टूर्नामेंट में भारतीय अभियान की जिम्मेदारी अनुभवी और युवा खिलाड़ियों के संतुलित मिश्रण को सौंपी गई है। आइए नजर डालते हैं टीम में शामिल प्रमुख खिलाड़ियों पर एक नजर डाल रहा है।

सूर्यकुमार यादव (कप्तान)

टी20 क्रिकेट के सबसे विस्फोटक बल्लेबाजों में गिने जाने वाले सूर्यकुमार यादव इस समय अपने करियर के सबसे कठिन दौर से गुजर रहे हैं। पिछले 14 महीनों में वह एक भी अर्धशतक नहीं लगा सके हैं और उनका स्ट्राइक रेट भी 125 से नीचे चला गया है।
हालांकि, कप्तान के रूप में उनका रिकॉर्ड प्रभावशाली रहा है और उनके नेतृत्व में भारत ने 83 प्रतिशत मुकाबले जीते हैं। टी20 विश्व कप में टीम को उनसे न केवल रणनीतिक नेतृत्व बल्कि बल्ले से भी उदाहरण पेश करने की उम्मीद होगी।

अभिषेक शर्मा

अभिषेक शर्मा ने नई पीढ़ी की टी20 बल्लेबाजी की परिभाषा बदल दी है। पावरप्ले में उनकी आक्रामक शुरुआत भारत के लिए बेहद अहम होगी।
अपने सर्वश्रेष्ठ दौर में वह दुनिया के नंबर एक टी20 बल्लेबाज रहे हैं और लगभग 200 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी कर उन्होंने सलामी बल्लेबाजों के लिए एक नया मानक स्थापित किया है।

तिलक वर्मा

अभिषेक शर्मा के बाद तिलक वर्मा शीर्ष क्रम में भारत के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में शामिल हैं। तेज रफ्तार टी20 प्रारूप में उनकी तकनीकी मजबूती और दबाव में शांत रहने की क्षमता उन्हें खास बनाती है। पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप फाइनल में हारिस रऊफ की गेंद पर लगाए गए निर्णायक छक्के उनकी मानसिक मजबूती का प्रमाण हैं। वह तीसरे या चौथे नंबर पर बल्लेबाजी कर सकते हैं और टीम के बेहतरीन आउटफील्डरों में से एक हैं।

हार्दिक पंड्या

पिछले लगभग एक दशक में भारतीय क्रिकेट में संतुलन का दूसरा नाम हार्दिक पंड्या रहे हैं। जब भी वह टीम से बाहर हुए, भारत को सही संयोजन खोजने में मुश्किल आई। उनकी तेज गेंदबाजी टीम को अतिरिक्त बल्लेबाज खिलाने की आजादी देती है, जबकि बल्ले से उनके दमदार शॉट्स छोटे प्रारूप में मैच का रुख पलटने की क्षमता रखते हैं।

 शिवम दुबे

शिवम दुबे भारतीय परिस्थितियों में बेहद उपयोगी खिलाड़ी हैं। खासकर नौ से 16 ओवर के बीच, जब स्पिन गेंदबाजों का दबदबा रहता है, दुबे का रोल अहम हो जाता है।
लेग स्पिनरों के खिलाफ उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ऐसी है कि एडम जम्पा, अबरार अहमद और वानिंदु हसरंगा जैसे गेंदबाजों को कप्तान गेंदबाजी से दूर रखने की कोशिश करते हैं। साथ ही, वह धीमी पिचों पर दो उपयोगी ओवर भी निकाल सकते हैं।

संजू सैमसन

शुभमन गिल के बाहर होने से संजू सैमसन को बल्लेबाजी क्रम में स्थिरता मिलने की उम्मीद है।
2024 में सैमसन ने 12 पारियों में 436 रन बनाकर भारत के लिए सर्वाधिक रन बनाए थे। पहले निचले क्रम में बल्लेबाजी के कारण उनके मौके सीमित रहे, लेकिन अब उनसे खुलकर रन बनाने की उम्मीद होगी, चाहे वह विशेषज्ञ बल्लेबाज की भूमिका में ही क्यों न हों।

ईशान किशन

ईशान किशन ने शानदार वापसी की है। झारखंड को पहली बार सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जिताने के बाद उन्होंने दो साल से अधिक समय बाद राष्ट्रीय टीम में जगह बनाई। काउंटी क्रिकेट और घरेलू सर्किट में निरंतर प्रदर्शन करते हुए किशन ने आलोचनाओं का जवाब दिया। वह सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के शीर्ष स्कोरर रहे और फाइनल में शतक लगाकर चयनकर्ताओं का भरोसा जीता।

 कुलदीप यादव

बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव स्पिन विभाग में भारत के ‘एक्स फैक्टर’ बने हुए हैं।
एशिया कप में भारत की खिताबी जीत में उन्होंने 9.29 की औसत से सात विकेट लेकर अहम भूमिका निभाई। घरेलू पिचों पर उनकी ‘रांग-उन’ बल्लेबाजों के लिए खासा खतरा बन सकती है।

जसप्रीत बुमराह

बुमराह ऐसे गेंदबाज हैं जो किसी भी पिच और किसी भी परिस्थिति में मैच जिता सकते हैं।
उनके पास यॉर्कर, स्लोअर बॉल, कटर और बाउंसर का बेहतरीन मिश्रण है। टी20 विश्व कप में भारत की सफलता काफी हद तक उनके प्रदर्शन पर निर्भर करेगी।

अक्षर पटेल (उपकप्तान)

उपकप्तान की जिम्मेदारी के साथ अक्षर पटेल को गेंद और बल्ले दोनों से प्रभाव डालना होगा।
उनकी सटीक बाएं हाथ की स्पिन और किसी भी क्रम पर बल्लेबाजी करने की क्षमता उन्हें टीम का अहम स्तंभ बनाती है।

अर्शदीप सिंह

बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह बुमराह के आदर्श जोड़ीदार हैं।
शांत स्वभाव और गति में विविधता के कारण वह पावरप्ले के साथ-साथ अंतिम ओवरों में भी बल्लेबाजों के लिए खतरा बने रहते हैं।

 वरुण चक्रवर्ती

वरुण चक्रवर्ती की गेंदबाजी को पढ़ना बल्लेबाजों के लिए बेहद मुश्किल है।
बिना ज्यादा बदलाव किए वह कई तरह की गेंदें फेंक सकते हैं और उनकी स्वाभाविक तेजी उन्हें और भी खतरनाक बनाती है।

हर्षित राणा

मुख्य कोच गौतम गंभीर की पसंद बने हर्षित राणा को रिजर्व तेज गेंदबाज के रूप में चुना गया है।
बुमराह और अर्शदीप के बाद उन्हें मोहम्मद सिराज पर तरजीह दी गई है। सीमित मौके मिलने की संभावना के बावजूद उनकी भूमिका पर नजर बनी रहेगी।

 वाशिंगटन सुंदर

ऑफ स्पिनर वाशिंगटन सुंदर टीम को अतिरिक्त ऑलराउंडर विकल्प प्रदान करते हैं।
हालांकि हाल के मैचों में उन्हें कम मौके मिले हैं और संभव है कि उन्हें एक बार फिर बेंच पर इंतजार करना पड़े।

रिंकू सिंह

अलीगढ़ के साधारण परिवार से निकलकर भारतीय टी20 टीम तक पहुंचने वाले रिंकू सिंह निडर फिनिशर के रूप में अपनी पहचान बना चुके हैं।
आईपीएल में लगातार शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने टीम प्रबंधन का भरोसा जीता है और दबाव में तेजी से रन बनाने की उनकी क्षमता भारत के लिए अहम साबित हो सकती है।

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Subscribe my Newsletter for new blog posts, tips & new photos. Let's stay updated!

Laest News

@2025 – All Right Reserved.

Verified by MonsterInsights