पटना, 18 अप्रैल। मेजबान बिहार की टीम सातवीं खेलो इंडिया यूथ गेम्स की हॉकी प्रतियोगिता के पहले दिन बालक वर्ग में कर्नाटक और बालिका वर्ग में ओडिशा के खिलाफ मुकाबले में उतरेगी। हॉकी के मुकाबले राजगीर में 7 से 13 मई तक होंगे। बालक वर्ग के मैच मुख्य एस्ट्रो टर्फ पर होंगे जबकि वालिका वर्ग के मैच प्रैक्टिस एस्ट्रो टर्फ पर खेले जाएंगे।
हॉकी इंडिया द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार दोनों वर्गों में आठ-आठ टीमें भाग ले रही हैं जिनको दो ग्रुपों में बांटा गया है। इसके बाद सेमीफाइनल, तीसरे स्थान और फाइनल मैच मैच होंगे।
बालक वर्ग में बिहार और कर्नाटक की भिड़ंत सुबह 7.30 बजे से होगी, जबकि बालिका वर्ग में भी बिहार और ओडिशा की टक्कर भी सुबह 7.30 बजे शुरू होगी। पहले दो दिन दोनों वर्गों में चार-चार मैच होंगे जबकि 9 मई को आराम का दिन होगा। 10 मई को फिर चार-चार लीग दोनों वर्गों में खेले जाएंगे। इसके बाद 11 मई को सेमीफाइनल खेला जाएगा। 12 मई को विश्राम के बाद 13 मई को तीसरे स्थान का और फिर शाम में फाइनल मैच निर्धारित किया गया है।
बिहार बालक वर्ग में अपना दूसरा मैच 8 मई को ओडिशा से और अंतिम लीग मैच 10 मई को पंजाब से खेलेगा। इसी तरह बालिका वर्ग में बिहार का दूसरा मैच 8 मई को महाराष्ट्र से और तीसरा लीग मैच 10 मई को झारखंड से होगा।
पिछली बार जनवरी 2024 में चेन्नई में हुई खेलो इंडिया यूथ गेम्स की हॉकी प्रतियोगिता के बालक वर्ग में मध्य प्रदेश की टीम उपविजेता रही थी लेकिन इस बार इस टीम को भाग लेने का मौका नहीं मिला है, क्योंकि उसने पिछली राष्ट्रीय जूनियर हॉकी प्रतियोगिता (सितम्बर 2024 में जालंधर में) में आठवां स्थान हासिल किया था। मेजबान बिहार को उसकी जगह खेलने का मौका मिला है।
नेशनल की बाकी टॉप सात टीमें राजगीर में खेलेंगी। इस बार बिहार के अलावा कर्नाटक, उत्तर प्रदेश और मणिपुर भाग ले रही हैं जिन्हें राष्ट्रीय प्रतियोगिता के आधार पर क्वालीफाई करने का अवसर दिया गया है। ये चारों टीमें पिछले यूथ गेम्स में नहीं थी। ओडिशा ने पिछली प्रतियोगिता जीती थी। इसी तरह बालिका वर्ग में खेलो इंडिया यूथ गेम्स की विजेता हरियाणा, उपविजेता मध्य प्रदेश तीसरे स्थान पर रही ओडिशा के अलावा झारखंड और पंजाब को राजगीर में खेलने का मौका फिर मिला है।
चौथे स्थान पर रही मिजोरम, छत्तीसगढ और तमिलनाडु राजगीर में नहीं खेलेंगे। इनकी जगह पिछले जूनियर नेशनल (रांची, सितम्बर 2024) के आधार पर महाराष्ट्र और हिमाचल प्रदेश को स्थान मिला है जबकि बिहार मेजवान होने के नाते खेलेगा।
ग्रुप बंटबारा इस प्रकार है-
बालक वर्ग
ग्रुप ए : बिहार, कर्नाटक, ओडिशा, पंजाब
ग्रुप बी : उत्तर प्रदेश, हरियाणा, मणिपुर और झारखंड
बालिका वर्ग
ग्रुप ए : बिहार, झारखंड, ओडिशा और महाराष्ट्र।
ग्रुप बी : मध्य प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश