रांची, 1 मार्च। भारतीय खेल प्राधिकरण और साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के निर्देशन में आयोजित खेलो इंडिया अस्मिता महिला साइकिलिंग लीग (ईस्ट ज़ोन) का दो दिवसीय आयोजन रांची स्थित खेल गांव वेलोड्रोम स्टेडियम में सफलतापूर्वक संपन्न हो गया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आई.पी.एस. अधिकारी अश्वनी कुमार सिन्हा (डीआईजी एवं डायरेक्टर, रांची) उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में राष्ट्रीय कोलवारी मजदूर यूनियन की कार्यकारी अध्यक्ष अनुपमा सिंह, झारखंड ओलंपिक संघ के कोषाध्यक्ष शिवेंद्र नाथ दुबे, उड़ीसा साइकिलिंग एसोसिएशन के महासचिव प्रसन्न रावत तथा बंगाल साइकिलिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव मेहरा शामिल थे।
अतिथियों ने दो दिवसीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों को पदक एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने खिलाड़ियों के उत्साह, प्रतिभा और अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं महिला खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का सशक्त मंच प्रदान करती हैं।
प्रतियोगिता में बिहार, पश्चिम बंगाल, उड़ीसा, असम, उत्तर प्रदेश और झारखंड सहित कई राज्यों की खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिससे मुकाबले का स्तर अत्यंत प्रतिस्पर्धात्मक और रोमांचक रहा।
इस अवसर पर झारखंड साइकिलिंग संघ के महासचिव शैलेंद्र पाठक, साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा नियुक्त पीसीपी तकनीकी पदाधिकारी अभिजीत सेठ, संघ के उपाध्यक्ष सुजीत कुमार, कोषाध्यक्ष रणवीर सिंह, चन्द्र बहादुर सिंह, राजकुमार मेहता, जितेन्द्र महतो, दिलीप कुमार गुप्ता, पंकज अग्रवाल, प्रोनोति रानी सिंह, राम कुमार भट्ट सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
यह प्रतियोगिता पूर्वी भारत में महिला साइकिलिंग प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने और खेल के विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुई।