कटिहार, 14 नवंबर। कटिहार जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में शहर मुख्यालय के राजेन्द्र स्टेडियम में चल रहे कटिहार जिला क्रिकेट लीग डिवीज़न “बी” में सत्र 2022-23 का फाइनल मुकाबला बारसोई क्रिकेट क्लब और राइजिंग स्टार क्रिकेट एकेडमी के बीच खेला गया।
मैच का टॉस राइजिंग के कप्तान उमेश ने जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। शुरुआत में जल्दी विकेट गिरने के कारण एक समय राइजिंग का 100 रन भी बनना मुश्किल लग रहा था परंतु बारसोई की कुछ खराब फील्डिंग और सोनू के कुछ उम्दा शॉट ने राइजिंग की पारी को 30 ओवर में 159 रन पर समाप्त किया। मुख्य स्कोरर रहे विकास ने 53 रन और इरशाद आलम ने 27 रन बनाए।

बारसोई की ओर से इस मैच को खुद के लिए यादगार बनाते हुए नीतीश यादव ने हैट्रिक लिया और पूरे मैच में 5 विकेट प्राप्त किए। रोनित सिंह को तीन विकेट मिला। नीतीश को शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें मैच बॉल दे कर सम्मानित किया गया।
160 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बारसोई की भी शुरुआत अच्छी नहीं हुई और जल्दी-जल्दी 3 विकेट गिरने के बाद चौथे विकेट के पार्टनरशिप में सुरजीत और प्रियांशु ने 67 रन जोड़े और बारसोई को मैच में वापस ला दिया। परंतु इस जोड़ी के टूटने के बाद अंतराल पर विकेट गिरते रहे और बारसोई लक्ष्य से 25 रन दूर रह गई। प्रियांशु ने 32 रन और सुरजीत 21 रन बनाये।

राइजिंग की ओर से मैच जिताऊ गेंदबाजी करते हुए रौनक बजरंगी ने 4 विकेट प्राप्त किये और उन्हें फाइनल के मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला। जबकि टूर्नामेंटन के सर्वश्रेठ खिलाड़ी का पुरस्कार बारसोई क्रिकेट क्लब के मो फ़िरोज़ को मिला। वहीं बेस्ट बल्लेबाज टीचर ट्रेनिंग कॉलेज के सुनील कुमार महतो रहे। वहीं टूर्नामेंट के बेस्ट गेंदबाज बारसोई के रंजीत यादव बने।

मैच के बाद एक छोटे और सादे समारोह में विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया जिसमें पूर्व वार्ड पार्षद और कभी कटिहार जिला क्रिकेट संघ तदर्थ समिति के चेयरमैन रहे अरुण यादव उपस्तिथ रहे। उनके साथ संघ के जिला सचिव सुजीत कुमार सिंह, संघ के संयोजक संजीव ए सिंह, जिला सीनियर टीम के मुख्य कोच मनीष सिंह, जिला जूनियर टीम के मुख्य कोच बदरे आलम खान, चयन समिति के सदस्य पूर्व क्रिकेटर जयंत मल्लिक, बीसीए पैनल के अंपायर और बीसीए टूर्नामेंट समिति के सदस्य बिनय कुमार झा उपस्तिथ रहे। मैच में अंपायरिंग की भूमिका गौतम कुमार और दीपक जायसवाल ने निभाई जबकि स्कोरर थे आदित्य।
