भभुआ/मोहनियां, 30 दिसंबर। कैमूर जिला क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित एवं द मॉडर्न स्कूल द्वारा प्रायोजित क्रिकेटर नीतीश पटेल स्मृति कैमूर जिला जूनियर क्रिकेट लीग में 30 दिसंबर यानी मंगलवार को दो रोमांचक मुकाबले खेले गए, जिनमें ट्रॉफी फाइटर क्रिकेट क्लब और भारतीय दीव क्रिकेट क्लब ने प्रभावशाली जीत दर्ज की।
ट्रॉफी फाइटर ने कैमूर क्रिकेट एकेडमी को 76 रन से हराया
जगजीवन स्टेडियम, भभुआ में खेले गए सत्रहवें मुकाबले में ट्रॉफी फाइटर क्रिकेट क्लब ने कैमूर क्रिकेट एकेडमी को 76 रनों से पराजित किया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ट्रॉफी फाइटर की टीम ने 30 ओवरों में 7 विकेट पर 254 रन बनाए।
टीम की ओर से नीतिन कुमार (72) ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली, जबकि जेपी पाल (40), अभिषेक (34), रोहित (18), कुमार रोहित (14) और सानू व ओम (12-12 रन) का अहम योगदान रहा।
कैमूर क्रिकेट एकेडमी की ओर से विकास कुमार ने 3 विकेट, जबकि शिवम मौर्या ने 2 विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए कैमूर क्रिकेट एकेडमी की टीम 28 ओवरों में 178 रन पर सिमट गई। कप्तान सूरज कुमार (48), आदर्श पुरुषोत्तम (39), प्रदीप (34) और ईशान मिश्रा (24) ने संघर्षपूर्ण पारियां खेलीं।
ट्रॉफी फाइटर की ओर से सानू कुमार ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट, कुमार रोहित ने 3 विकेट, जबकि मन्नी और अंकित ने 1-1 विकेट लिए।
चार विकेट लेने वाले सानू कुमार को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार संघ के पूर्व उपाध्यक्ष डॉ. जयभद्र झा ने प्रदान किया।
मैच में अंपायरिंग अनुभव सिंह और अंशू आर्या, जबकि स्कोरिंग सौरव कुमार ने की। इस अवसर पर संघ के सचिव अजय कुमार सिंह, वरीय खिलाड़ी वसीम अली सहित बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।
भारतीय दीव क्रिकेट क्लब ने विनर क्रिकेट क्लब को 6 विकेट से हराया
महाराणा प्रताप कॉलेज स्टेडियम, मोहनियां में खेले गए अठारहवें मुकाबले में भारतीय दीव क्रिकेट क्लब ने विनर क्रिकेट क्लब को एकतरफा मुकाबले में 6 विकेट से मात दी।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए विनर क्रिकेट क्लब की टीम 28 ओवरों में मात्र 93 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से नीरज (22), जबकि अर्श और आदर्श (10-10 रन) ही दहाई का आंकड़ा पार कर सके।
भारतीय दीव की ओर से प्रदीप मौर्या ने 4 विकेट, देवेंद्र कुमार ने 3, सन्नी ने 2 और आदर्श ने 1 विकेट झटका।
93 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय दीव क्रिकेट क्लब ने सिर्फ 10.1 ओवर में 4 विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। रंजीत (नाबाद 34), सूर्या (11) और देवेंद्र कुमार (नाबाद 10) ने टीम को जीत दिलाई।
विनर क्रिकेट क्लब की ओर से अथर्व ने 2 विकेट लिए।
शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए देवेंद्र कुमार को प्लेयर ऑफ द मैच की ट्रॉफी पूर्व खिलाड़ी व सामाजिक कार्यकर्ता उदय सिंह ने प्रदान की।
मैच में अंपायरिंग हिमांशु और शेषनाथ, जबकि स्कोरिंग विजय सिंह ने की। टूर्नामेंट कमेटी सदस्य रविशंकर वर्मा, पूर्व खिलाड़ी मेराज आलम, यशवंत सिंह समेत कई खिलाड़ी और दर्शक उपस्थित रहे।
बुधवार यानी 31 दिसंबर के मुकाबले
जगजीवन स्टेडियम, भभुआ में विजन क्रिकेट एकेडमी का मुकाबला ट्रॉफी फाइटर क्रिकेट क्लब से
एमपी कॉलेज, मोहनियां में स्टार क्रिकेट क्लब का मुकाबला भारतीय दीव क्रिकेट क्लब से होगा।