रांची, 10 अक्टूबर। वीमेंस अंडर-19 वनडे ट्रॉफी क्रिकेट WOMENS UNDER 19 ONE DAY TROPHY में झारखंड ने लगातार दूसरी जीत दर्ज की। झारखंड ने अपने दूसरे मैच में दिल्ली को पांच विकेट से पराजित किया।
हरियाणा के चौधरी बंशी लाल स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टॉस दिल्ली ने जीता और पहले बैटिंग करने का फैसला किया। झारखंड की प्रियंका लुथरा की शानदार गेंदबाजी के आगे दिल्ली की बैटर नहीं चल पाईं। 49.1 ओवर में बैटिंग में मात्र 103 रन बना कर पूरी टीम ऑल आउट हो गई। सबसे ज्यादा 35 रन निशिका सिंह ने बनाये। इसके अलावा कोई भी बैटर दोहरे अंक में नहीं प्रवेश कर पाईं।
झारखंड की ओर से आनंदिता किशोर ने 11 रन देकर 1,पी राठौर ने 28 रन देकर 1,सिमरन ने 12 रन देकर 1,नेहा कुमार साव ने 16 रन देकर 1 और प्रियंका लुथरा ने 14 रन देकर 4 विकेट चटकाये।
जवाब में झारखंड ने कोमल कुमारी के नाबाद 69 और आनंदिता किशोर के नाबाद 19 रन की बदौलत 26.5 ओवर में पांच विकेट पर 107 रन बना कर मैच अपने नाम कर लिया। इसके अलावा दूबे ने 4, पी राठौर ने 6 रन बनाये।
दिल्ली की ओर से परुनिका सिसोदिया ने 41 रन देकर 3,सुमिति सोनी ने 21 रन देकर 1,गोयनिका शर्मा ने 17 रन देकर 1 विकेट चटकाये। झारखंड का अगला मुकाबला 12 अक्टूबर को उत्तरप्रदेश से होगा।


