रांची, 24 जुलाई। झारखंड राज्य में पहली बार कक्षा 3 से 5 तक के छात्रों के लिए “प्रथम राज्य स्तरीय लिटिल चैम्प फुटबॉल प्रतियोगिता Jharkhand Little Champ Football Tournament का आयोजन किया जा रहा है। यह ऐतिहासिक आयोजन बीआईटी मेसरा स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के फुटबॉल ग्राउंड में होगा, जिसका भव्य उद्घाटन शु्क्रवार यानी 25 जुलाई 2025 को झारखंड सरकार के माननीय शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के कर कमलों द्वारा किया जाएगा।
इस प्रतियोगिता में राज्य के सभी 24 जिलों से चयनित 576 प्रतिभागी (288 बालक एवं 288 बालिका) भाग लेंगे। यह पहल नौनिहालों को खेल विशेषकर झारखंड की पहचान बन चुके फुटबॉल के क्षेत्र में प्रारंभ से ही प्रशिक्षित कर उन्हें भविष्य का पेशेवर खिलाड़ी बनाने की दिशा में एक अभिनव पहल है।
राज्य के कोने-कोने से पहुंचे नन्हे-मुन्ने खिलाड़ियों की उत्सुकता,उत्साह और उल्लास का नज़ारा पंजीयन के समय देखते बन रहा था । संध्या 8 बजे तक 24 जिलों से आए खिलाड़ियों का रजिस्ट्रेशन पूरा हो गया था। विद्यालय स्तर पर बनी 12 खिलाड़ियों की टीम अपने अपने विद्यालय का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रखंड एवं जिला में विजेता बनकर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल हो रहे हैं।
प्रतियोगिता के आयोजन सचिव सह राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने बताया कि यह प्रतियोगिता विशेष रूप से सरकारी विद्यालयों के ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाले प्रतिभाशाली बच्चों के लिए एक अवसर है, जिससे उन्हें शुरुआती उम्र में ही तराशा जा सके। ऐसे खिलाड़ी भविष्य में राज्य ही नहीं, देश का भी प्रतिनिधित्व कर सकते हैं।
बच्चो का किटबैग देकर किया स्वागत
राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी सह आयोजन सचिव श्री धीरसेन सोरेंग ने प्रतियोगिता में भाग ले रहे बच्चो को पंजीकरण उपरान्त किट बैग देकर उनका स्वागत किया। नन्हे बच्चो के आंखो में जीत का जूनून और खेल के प्रति उनका आत्मविश्वास देखते ही बन रहा था।
