लुसाने। भारत ने अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) के वार्षिक पुरस्कारों में बुधवार को अपना दबदबा बनाया तथा मतदान पर आधारित प्रणाली में सभी वर्गों में शीर्ष पुरस्कार हासिल किये जिसे पुरुष ओलंपिक चैंपियन बेल्जियम ने पुरस्कारों की ‘विफलताकरार दिया।
बेल्जियम के विरोध के बाद एफआईएच ने बयान जारी करके कहा कि वह यह पता लगाने का प्रयास करेगा कि कुछ संघों ने अपना मत क्यों नहीं डाला।
भारत के पांच खिलाड़ियों तथा पुरुष और महिला टीमों के मुख्य कोच ने विभिन्न वर्गों में सर्वाधिक मत पाकर शीर्ष पुरस्कार हासिल किये। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने टोक्यो ओलंपिक खेलों में कांस्य पदक जीता था जबकि महिला टीम चौथे स्थान पर रही थी।
गुरजीत कौर (महिला) और हरमनप्रीत सिंह (पुरुष) ने अपने वर्गों में वर्ष का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी (प्लेयर ऑफ द ईयर) का पुरस्कार हासिल किया।
सविता पूनिया (सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर, महिला), पीआर श्रीजेश (सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर, पुरुष), शर्मिला देवी (सर्वश्रेष्ठ उदीयमान स्टार, महिला) और विवेक प्रसाद (सर्वश्रेष्ठ उदीयमान स्टार, पुरुष) के साथ-साथ भारत की महिला टीम के कोच सोर्ड मारिन और पुरुष टीम के मुख्य कोच ग्राहम रीड भी सर्वाधिक मत पाकर शीर्ष पर रहे। रीड अब भी टीम के साथ बने हुए हैं जबकि मारिन का कार्यकाल तोक्यो खेलों के साथ ही समाप्त हो गया था।
पुरुष वर्ग में बेल्जियम के अलेक्सांद्र हेंड्रक्सि और आर्थर वान डोरेन वर्ष के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी की मतगणना में दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। बेल्जियम के विन्सेंट वनास्क सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर में दूसरे स्थान पर रहे जबकि न्यूजीलैंड के शेन मैकलॉयड को दूसरा सर्वश्रेष्ठ कोच चुना गया।
महिलाओं में वर्ष की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी की दौड़ में नीदरलैंड की इवा डि गोइडे और फ्रेडरिक माटला क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर रही जबकि आस्ट्रेलिया की कोच एलिसन अन्नान वर्ष की सर्वश्रेष्ठ कोच की मतगणना में दूसरे स्थान पर रही।
एफआईएच हॉकी स्टार्स पुरस्कार कोविड-19 महामारी के कारण 2020 में आयोजित नहीं किये गये थे। एफआईएच ने कहा कि इस बार के पुरस्कारों में जनवरी 2020 से लेकर तोक्यो ओलंपिक तक के प्रदर्शन को शामिल किया गया। मतदान प्रक्रिया 23 अगस्त को शुरू हुई और 15 सितंबर तक चली।
हॉकी इंडिया के अध्यक्ष ज्ञानेंद्रो निंगोम्बाम ने विजेताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा, ‘‘भारतीय हॉकी के लिये यह शानदार पल है कि एफआईएच स्टार्स अवार्ड्स के लिये हमारे सभी नामांकितों को विजेता घोषित किया गया।