पटना, 27 जुलाई। बालाघाट (मध्यप्रदेश) में चल रहे जूनियर बालक राष्ट्रीय फुटबॉल चैंपियनशिप फॉर डॉ. बी.सी. रॉय ट्रॉफी के टियर 2 ग्रुप स्टेज के अपने पहले मुकाबले में बिहार ने सिक्किम को 5-2 से हराकर दमदार जीत दर्ज की। 90+8 मिनट के मुकाबले में बिहार की टीम हर विभाग में हावी रही। बिहार का अगला मैच 29 जुलाई को उत्तराखंड और 31 जुलाई को अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ है।
पहला हाफ: बिहार की शानदार शुरुआत
ग्रुप डी में खेल रहे बिहार ने मैच की शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और 16वें मिनट में निलेश कुमार (जर्सीं नंबर 8) ने पहला गोल दागा। इसके बाद अजीत कुमार के द्वारा खेल के 26वें और रितेश कुमार द्वारा खेल के 32वें मिनट में किये गए गोल की बदौलत बिहार ने पहले हाफ में 3-0 की बढ़त ले ली।
दूसरा हाफ: गोलों की बारिश
दूसरे हाफ में बिहार ने अपना आक्रमण और तेज कर दिया। दूसरे हाफ का खेल शुरू होने के दस मिनट बाद यानी 55वें मिनट में अजीत कुमार ने अपना दूसरा और बिहार के लिए चौथा गोल दागा।
चार गोलों की मजबूत बढ़त के बाद बिहार के खिलाड़ी थोड़े ढीले पड़े जिसका फायदा सिक्किम ने उठाया। खेल के 71वें मिनट में मोक्ष उप्रेति ने गोल कर सिक्किम को थोड़ा सकून दिया पर रितेश कुमार ने 88वें मिनट में अपना दूसरा और बिहार के लिए पांचवां गोल दाग दिया और बढ़त 5-1 की हो गई। इंजुरी टाइम (90+4वें मिनट) में सिक्किम के संदुप तमांग ने गोल कर बढ़त के अंतर को थोड़ा कम किया और इस तरह बिहार ने यह मैच 5-2 से जीत लिया।
रक्षापंक्ति और गोलकीपर का प्रदर्शन
बिहार के गोलकीपर श्रवण कुमार ने पूरे मैच में ठोस प्रदर्शन किया। दूसरी ओर सिक्किम की रक्षा पंक्ति बिहार के आक्रमण के सामने कमजोर साबित हुई।
सब्सटीट्यूट्स और कार्ड्स
बिहार और सिक्किम दोनों ने अपने 5-5 सब्सटीट्यूट्स का उपयोग किया। बिहार के आलोक कुमार (66वां मिनट), सिक्किम के पालहोईशेर तमांग (84वां मिनट)और अविसाई थापा (94वां मिनट) को पीला कार्ड मिला।
मैच के प्रमुख खिलाड़ी
प्लेयर ऑफ द मैच अजीत कुमार (बिहार): दो गोल और शानदार आक्रामक खेल।
रितेश कुमार (बिहार): दो गोल के साथ मैच में निर्णायक भूमिका।