पटना, 19 फरवरी। पटना विश्वविद्यालय के वाणिज्य महाविद्यालय में गुरुवार यानी 19 फरवरी से शुरू तीन दिवसीय वार्षिक खेल-कूद समारोह का उद्घाटन कुलपति प्रो. नमिता सिंह की अध्यक्षता में हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिहार विधान परिषद सदस्य प्रो. नवल किशोर यादव थे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष प्रो. योगेंद्र वर्मा और पूर्व संकायाध्यक्ष प्रो. अनिल कुमार उपस्थित रहे।
उद्घाटन समारोह का शुभारंभ अतिथियों द्वारा महाविद्यालय ध्वजारोहण और गुब्बारे उड़ाकर किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय स्पोर्ट्स बोर्ड के सचिव डॉ. दीप नारायण, विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य एवं विभागाध्यक्ष भी मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. निहारिका ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन क्रीड़ा परिषद अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार साह ने दिया।
खेल सुविधाओं के विकास का आश्वासन
मुख्य अतिथि प्रो. नवल किशोर यादव ने अपने संबोधन में प्राचार्या प्रो. सुहेली मेहता की मांग पर विश्वविद्यालय के कॉलेजों में इंडोर और आउटडोर स्टेडियम विकसित कराने के लिए सदन में आवाज उठाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि कॉलेज के विकास के लिए हर संभव सहयोग किया जाएगा।

कुलपति प्रो. नमिता सिंह ने छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी की सलाह देते हुए कहा कि इससे उनका सर्वांगीण विकास होता है, जो वर्तमान समय की आवश्यकता है। प्रो. योगेंद्र वर्मा ने खेल गतिविधियों को नियमित रूप से आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया, जबकि प्रो. अनिल कुमार ने कहा कि खेलों से अनुशासन और सकारात्मक माहौल बनता है, जिससे परिसर में नकारात्मक प्रवृत्तियों पर नियंत्रण संभव है। प्राचार्या प्रो. सुहेली मेहता ने विद्यार्थियों से कॉलेज की हर गतिविधि में भाग लेने की अपील की और आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराने का भरोसा दिया।
पहले दिन के प्रमुख परिणाम
एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं
100 मीटर दौड़ (प्रथम हीट): 15 छात्र और 9 छात्राएं दूसरे हीट के लिए चयनित
200 मीटर दौड़ (प्रथम हीट): 9 छात्र और 3 छात्राएं फाइनल के लिए चयनित
शॉट पुट (पुरुष)
रुद्रांश प्रताप सिंह – प्रथम
रविकांत कुमार – द्वितीय
हर्ष गुप्ता – तृतीय
शॉट पुट (महिला)
अनन्या आनंद – प्रथम
कंचन विनोद – द्वितीय
सन्या सिंह – तृतीय
डिस्कस थ्रो (पुरुष)
आद्रिश बनर्जी – प्रथम
अमित राज – द्वितीय
हर्ष गुप्ता – तृतीय
डिस्कस थ्रो (महिला)
कंचन विनोद – प्रथम
सन्या सिंह – द्वितीय
अनन्या सिंह – तृतीय

समारोह के आगामी दिनों में विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें छात्रों का उत्साह देखते ही बन रहा है। यह आयोजन न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर रहा है, बल्कि परिसर में सकारात्मक और ऊर्जावान माहौल भी बना रहा है।