पटना, 16 अक्टूबर। राजधानी पटना के पाटलिपुत्र खेल परिसर में बुधवार यानी 16 अक्टूबर से चांसलर ट्रॉफी अंतर विश्वविद्यालय कबड्डी प्रतियोगिता का शानदार आगाज हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन बिहार के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने किया।
उद्घाटन के मौके पर सबसे पहले राज्यपाल ने चांसलर ट्रॉफी अंतर-विश्वविद्यालय कबड्डी प्रतियोगिता, 2024 का ध्वज फहराया तथा ट्रॉफी का अनावरण किया।
इस मौके पर अपने उद्घाटन संबोधन में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने कहा कि राज्य सरकार ने पृथक खेल विभाग का गठन कर खेलकूद को बढ़ावा देने के प्रति प्रतिबद्धता दिखाई है। यह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की दूरदर्शिता का परिचायक है। बिहार सभी क्षेत्रों में आगे रहा है और यह राज्य खेल के क्षेत्र में भी पीछे नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि बिहार की खेल संस्कृति इस राज्य की अत्यन्त समृद्ध संस्कृति के विभिन्न आयामों में से एक है। कला, संगीत, नाटक, शिक्षा आदि के साथ-साथ क्रीड़ा भी बिहार की संस्कृति का अंग है। उन्होंने खेल संस्कृति को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि विश्वविद्यालयों में इसके लिए प्रयास किया जा रहा है।












उन्होंने इस प्रतियोगिता के तहत बी॰एन॰ मंडल विश्वविद्यालय, मधेपुरा एवं वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय, आरा के बीच पुरुष वर्ग के प्रथम मैच तथा ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा एवं पूर्णियाँ विश्वविद्यालय, पूर्णियाँ के बीच महिला वर्ग के प्रथम मैच का शुभारम्भ किया तथा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने इन दोनो मैचों के सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर एवं रेडर को पुरस्कृत भी किया। राज्यपाल ने भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण भी किया। उद्घाटन समारोह में पाटलीपुत्र विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी की गयी।
इस अवसर पर बिहार सरकार के खेल विभाग के मंत्री सुरेन्द्र मेहता ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। कार्यक्रम में राज्यपाल के प्रधान सचिव रॉबर्ट एल॰ चोंग्थू, बिहार राज्य कबड्डी संघ के चेयरमैन कुमार विजय, विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपतिगण, विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं संस्थानों के खिलाड़ीगण, निर्णायक मण्डल के सदस्यगण, इस प्रतियोगिता से आयोजन जुड़े महानुभावगण एवं अन्य लोग उपस्थित थे।
मैचों के परिणाम
महिला वर्ग
एलएन मिथिला विश्वविद्यालय दरभंगा ने पूर्णिया विश्वविद्यालय को 40-14, पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय ने बिहार कृषि विश्वविद्यालय सबौर को 29-9, मगध विश्वविद्यालय ने बीएन मंडल विश्वविद्यालय को 45-5, वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय ने मुंगेर विश्वविद्यालय को 34-13, जयप्रकाश विश्वविद्यालय ने पटना विश्वविद्यालय को 33-13 से पराजित किया।
पुरुष वर्ग
बीएन मंडल विश्वविद्यालय ने वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय को 27-19, पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय ने नालंदा ओपन विश्वविद्यालय को 47-4, एलएन मिथिला विश्वविद्यालय ने डॉ सीवी रमण विश्वविद्यालय को 24-5, राजेंद्र प्रसाद सेंट्रल कृषि विश्वविद्यालय ने मौलाना मजरुल हक विश्वविद्यालय को 24-2, मगध विश्वविद्यालय ने डॉ सीवी रमन विश्वविद्यालय को 48-5 से हराया।