पटना, 25 दिसंबर। बिहार को जल्द ही अपनी पहली वाटर स्पोर्ट्स अकादमी मिलने जा रही है। यह अकादमी बांका जिले के ओढ़नी डैम में स्थापित की जाएगी। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण में आयोजित एक समीक्षा बैठक के बाद राज्य की खेल मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह ने इसकी आधिकारिक घोषणा की।
खेल मंत्री ने बताया कि हाल ही में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री के साथ हुई बैठक में दोनों राज्यों के बीच खेल और खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास को लेकर आपसी सहयोग पर सहमति बनी थी। इसी क्रम में भोपाल स्थित इंडियन केनोइंग एंड क्याकिंग एसोसिएशन द्वारा बिहार में वाटर स्पोर्ट्स अकादमी के लिए उपयुक्त स्थल के चयन हेतु एक अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ टीम भेजी गई।
कनाडा से आए ओलंपियन और अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ मिस्टर जैक के नेतृत्व में मुख्य प्रशिक्षक प्रदीप नायडू एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी नमिता की टीम ने तीन दिनों तक बिहार के विभिन्न जलाशयों का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान सासाराम का दुर्गावती डैम, जमुई का गढ़ी डैम, नवादा का हरदिया डैम और बांका का ओढ़नी डैम शामिल रहे।
निरीक्षण के बाद मिस्टर जैक ने अपनी सर्वे रिपोर्ट में बांका के ओढ़नी डैम को वाटर स्पोर्ट्स अकादमी के लिए सबसे उपयुक्त स्थान बताया। उन्होंने कहा कि ओढ़नी डैम वाटर स्पोर्ट्स के लिए विश्व की श्रेष्ठ जगहों में से एक है। यहां केनोइंग, क्याकिंग और रोइंग जैसे खेलों के प्रशिक्षण के साथ-साथ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं भी सफलतापूर्वक आयोजित की जा सकती हैं।
खेल मंत्री ने बताया कि फरवरी माह में मिस्टर जैक पुनः बिहार आएंगे। इस दौरान वे प्रतिभावान खिलाड़ियों के चयन, उनके प्रशिक्षण, आवश्यक खेल उपकरणों की व्यवस्था और जेटी जैसी आधारभूत संरचनाओं के निर्माण में सहयोग करेंगे।
प्रस्तावित वाटर स्पोर्ट्स अकादमी में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप प्रशिक्षण सुविधाएं, आधुनिक उपकरण, खिलाड़ियों के आवास सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी। इससे बिहार के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर राज्य और देश का नाम रोशन कर सकेंगे।
बैठक के अंत में खेल मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह ने ओलंपियन विशेषज्ञ मिस्टर जैक को अंगवस्त्र और प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री रवीन्द्रण शंकरण, निदेशक श्री रविंद्र नाथ चौधरी, उप निदेशक श्री हिमांशु सिंह, इंडियन केनोइंग एंड क्याकिंग एसोसिएशन के मुख्य प्रशिक्षक प्रदीप नायडू, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी नमिता तथा बिहार केनोइंग एंड क्याकिंग एसोसिएशन के सचिव श्री पंकज कुमार ज्योति सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
ओढ़नी डैम के बारे में
ओढ़नी डैम बिहार के बांका जिले में स्थित एक प्रमुख पर्यटन स्थल और पिकनिक स्पॉट है, जो अपनी प्राकृतिक सुंदरता और रोमांचक वाटर स्पोर्ट्स (जैसे मोटरबोट, जेट स्कीइंग) के लिए प्रसिद्ध है; यह जगह पक्षी देखने और प्राकृतिक नजारों का आनंद लेने के लिए भी लोकप्रिय है, जहाँ साइबेरियन पक्षी भी आते हैं और वाटर स्पोर्ट्स अकादमी भी स्थापित की जा रही है।