पटना। अखिल बिहार राज्य शतरंज संघ एवं एडहॉक कमेटी पटना जिला शतरंज संघ के तत्वावधान में आयोजित हो रही बिहार राज्य जूनियर शतरंज प्रतियोगिता कल से पटना सायंस कॉलेज के सभागार में खेली जाएगी।
प्रतियोगिता का उद्घाटन कल दोपहर एक बजे साइंस कॉलेज के प्रधानाध्यापक प्रो. श्रीराम पद्मदेव करेंगे।इस बात की जानकारी देते हुए अखिल बिहार शतरंज संघ के सचिव धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि जूनियर बालक वर्ग में जहां सौरव आनंद, रेयान मोहम्मद, देवराज,पीयूष कुमार जैसे राष्ट्रीय अंतराष्ट्रीय खिलाड़ी भाग ले रहे हैं वहीं बालिका वर्ग में अंतराष्ट्रीय खिलाड़ी मरियम फातिमा एवं राष्ट्रीय खिलाड़ी अदीबा उल्लाह एवं परी सिन्हा समेत जूनियर वर्ग के सभी महत्वपूर्ण खिलाड़ियों ने अपने सहभागिता की पुष्टि कर दी है।
4 दिनों तक चलने वाली यह शतरंज प्रतियोगिता स्विस पद्धति से खेली जाएगी। प्रतियोगिता के विजेताओं को कुल ₹10000 के नगद इनाम दिए जाएंगे। साथ ही इस प्रतियोगिता के आधार पर चयनित चार-चार खिलाड़ी आगामी 9 जनवरी से दिल्ली में आयोजित हो रही राष्ट्रीय जूनियर शतरंज प्रतियोगिता में बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे।



