पटना, 3 मार्च 2026। बीसीसीआई के एलीट ग्रुप के मुकाबले में बिहार टीम की कहानी वही पुरानी। हार से शुरुआत। कुछ ऐसा ही हुआ वीमेंस अंडर-23 वनडे ट्रॉफी में। जयपुर में खेले जा रहे मुकाबले में बिहार को अपने पहले मैच बड़ौदा के हाथों सात विकेट से हार खानी पड़ी। बिहार का अगला मैच पांच मार्च को छत्तीसगढ़े के खिलाफ खेला जायेगा।
जयपुर के जयपुरिया विद्यालय ग्राउंड पर खेले गए मैच में टॉस जीत कर पहले बैटिंग करते हुए बिहार ने 46.4 ओवर में 173 रन बनाए। जवाब में बड़ौदा ने 37.1 ओवर में 174 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
यह भी पढ़ें : BCA मेंस सीनियर वनडे ट्रॉफी के नॉकआउट चरण का शेड्यूल जारी
बिहार की याशिता सिंह का पचासा
बिहार की टीम को सलामी बल्लेबाजों समेत ऊपरी क्रम के बैटरों से संतुलित शुरुआत मिली। अक्षरा गुप्ता ने 35 रन बनाए, जबकि निक्की कुमारी ने 17 रन जोड़े। कप्तान वैदेही यादव ने 34 रन की जिम्मेदार पारी खेली। याशिता सिंह ने सबसे प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए 53 गेंदों पर 50 रन बनाए, जिसमें नौ चौके शामिल थे। हालांकि मध्यक्रम में लगातार विकेट गिरने से टीम बड़े स्कोर तक नहीं पहुंच सकी और 173 रन पर सिमट गई।

बड़ौदा की ओर से विदी एच परमार ने घातक गेंदबाजी करते हुए 8.4 ओवर में 32 रन देकर पांच विकेट झटके। जानकी राठौड़ ने तीन विकेट लेकर बिहार की पारी को झटका दिया। सधी हुई गेंदबाजी के कारण बिहार की रनगति पर लगातार दबाव बना रहा।
शुरुआती झटकों से उबर बड़ौदा जीता
174 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बड़ौदा की टीम को शुरुआती झटके जरूर लगे, लेकिन इसके बाद निधि धमुनिया ने पारी को संभाल लिया। उन्होंने 101 गेंदों पर नाबाद 84 रन बनाए और 12 चौके जड़े। नेहा जी पटेल ने 81 गेंदों पर नाबाद 54 रन की पारी खेलते हुए उनका शानदार साथ दिया। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 134 रन की अविजित साझेदारी हुई, जिसने मैच पूरी तरह बड़ौदा के पक्ष में कर दिया। अंततः बड़ौदा ने 37.1 ओवर में तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
संक्षिप्त स्कोर
बिहार – 173 ऑलआउट (46.4 ओवर)
यशिता सिंह 50 (53), अक्षरा गुप्ता 35 (56), वैदेही यादव 34 (50)
विदी एच परमार 5/32, राठौड़ जानकी 3/31
बड़ौदा – 174/3 (37.1 ओवर)
निधि धमुनिया 84* (101), नेहा जी पटेल 54* (81)