असम के सोनापुर में 23 से 31 मार्च तक आयोजित हैंडबॉल के राष्ट्रीय रेफरी कार्यशाला सह परीक्षा में शामिल बिहार के 12 रेफरी को नेशनल रेफरी का दर्जा मिला। बिहार हैंडबॉल के 4 राष्ट्रीय रेफरी चंदन कुमार (पटना), रितेश कुमार सिंह (सारण), राधा कुमारी (सीवान), बबलू कुमार (शेखपुरा) ने अपनी निपुणता सिद्ध करते हुए बी ग्रेड रेफरी का कोर्स सफलता पूर्वक पूरा कर प्रमाण पत्र प्राप्त किया।
वहीं बिहार पुलिस के कनक कुमार, खुशबू कुमारी, पटना से कुमारी रोहिणी, नवादा से श्यामसुंदर कुमार, संतोष कुमार के अलावे सोनू कुमार आर्मी, कुंदन कुमार बेगूसराय, मुकेश कुमार शेखपुरा, नेशनल रेफरी के लिए क्वालीफाई करते हुए सी ग्रेड नेशनल हैंडबॉल रेफरी बने। हैंडबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित इस रेफरी क्लीनिक में बिहार के अलावे देश के 25 राज्य से आए 140 प्रतिभागी रेफरी बने। स्पोर्ट्स ऑथरिटी ऑफ इंडिया के पूर्व मुख्य कोच श्रीचंदरपाल सिंह, डॉ शैलेश कुमार सिंह, सहायक प्रोफेसर एलएनआईपीई, एनईआरसी गुवाहाटी के पर्यवेक्षण में आयोजित हुआ।
सफल प्रतिभागियों को हैंडबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव प्रितपाल सिंह सलूजा की देख रेख में प्रमाणपत्र दिया गया। बिहार पहुंचे सभी 12 नेशनल रेफरी को बिहार हैंडबॉल के महासचिव ब्रजकिशोर शर्मा ने फूल माला पहनाकर स्वागत किया। बिहार हैंडबॉल संघ के चेयरमैन विधानपर्षद इंजिनियर सच्चिदानंद राय, अध्यक्ष पंकज कुमार, कोषाध्यक्ष त्रिपुरारी प्रसाद, संयुक्त सचिव संजय कुमार सिंह, आलोक कुमार सहित अन्य ने बधाई दी है।




