Wednesday, March 11, 2026
Home बिहारक्रिकेट बिहार कैम्ब्रिज क्रिकेट एकेडमी ने जीता फैज मेमोरियल क्रिकेट का खिताब

बिहार कैम्ब्रिज क्रिकेट एकेडमी ने जीता फैज मेमोरियल क्रिकेट का खिताब

फाइनल में मेजबान टीम को 13 रन से हराया, शशीम राठौर मैन ऑफ द टूर्नामेंट

by Khel Dhaba
0 comment

बक्सर, 18 जनवरी। स्थानीय किला मैदान में आयोजित 20वीं फैज मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता का खिताब बिहार कैम्ब्रिज क्रिकेट एकेडमी,पटना ने जीता। फाइनल मुकाबले में बिहार कैम्ब्रिज क्रिकेट एकेडमी,पटना ने फैज एकादश बक्सर को 13 रनों से पराजित किया। चैंपियन टीम को विजेता ट्रॉफी के साथ 1,01,000 रुपये नकद पुरस्कार दिया गया, जबकि उपविजेता फैज एकादश बक्सर को ट्रॉफी एवं 51,000 रुपये की पुरस्कार राशि मिली।

सैनिक दिवस पर रंगारंग उद्घाटन

फाइनल मैच का रंगारंग उद्घाटन सैनिक दिवस के अवसर पर भूतपूर्व सैनिक संघ के पूर्व फौजियों द्वारा किया गया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतीकात्मक रूप से बल्ले से गेंद हिट कर मैच का शुभारंभ कराया। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ और पिंटू सिंघानिया की शानदार आतिशबाजी से पूरा किला मैदान गूंज उठा, जिससे दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

टॉस और बिहार कैम्ब्रिज क्रिकेट एकेडमी की पारी

मैच में फैज एकादश बक्सर के कप्तान फरह अंसारी ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए बिहार कैम्ब्रिज क्रिकेट एकेडमी,पटना की टीम ने निर्धारित 21 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 176 रन का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया। पटना की ओर से ऋषभ रंजन ने 38 रन, हर्ष राज ने 33 रन, आदित्य राज ने 26 रन और ऋषभ ने 18 रनों का योगदान दिया। बक्सर की ओर से गेंदबाजी में फरह अंसारी और अंकित ने तीन-तीन विकेट हासिल किए, जबकि कुंदन, विकास और अर्णव को एक-एक विकेट मिला।

लक्ष्य का पीछा और फैज एकादश की पारी

177 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी फैज एकादश बक्सर की टीम निर्धारित 21 ओवर में 8 विकेट खोकर 163 रन ही बना सकी। बक्सर की ओर से पंकज वर्मा ने सर्वाधिक 33 रन बनाए, कुंदन ने 30 रन, अंकित राज ने 29 रन और प्रकाश ने 27 रनों का योगदान दिया। बिहार कैम्ब्रिज क्रिकेट एकेडमी,पटना की ओर से गेंदबाजी में आदित्य अरुण ने तीन विकेट लिए, जबकि शशीम राठौर ने दो विकेट चटकाए। पवन, मनीष और कुंदन को एक-एक विकेट मिला। इस प्रकार बिहार कैम्ब्रिज क्रिकेट एकेडमी,पटना की टीम ने मुकाबला 13 रनों से अपने नाम कर लिया।

पुरस्कार वितरण समारोह

मैच की समाप्ति के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में डुमरांव विधायक राहुल सिंह ने विजेता टीम को ट्रॉफी और 1,01,000 रुपये नकद पुरस्कार डॉ. गांगेय राय एवं डॉ. तनवीर फरीदी के साथ प्रदान किया। उपविजेता टीम को ट्रॉफी एवं 51,000 रुपये की नकद राशि राजपुर विधायक संतोष निराला एवं डॉ. सुजीत कुमार द्वारा दी गई। दोनों विधायकों ने स्वर्गीय फैज अहमद को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की और आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।

व्यक्तिगत पुरस्कार

पुरस्कार वितरण के दौरान मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार आदित्य अरुण को, मैन ऑफ द सीरीज शशीम राठौर को, बेस्ट बैटर का पुरस्कार अंकित राज को, बेस्ट बॉलर का पुरस्कार फरह अंसारी को, बेस्ट फील्डर शशीम राठौर को और बेस्ट विकेटकीपर का पुरस्कार प्रकाश को प्रदान किया गया। सभी पुरस्कार विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉली बैग सहित अन्य उपहार दिए गए।

गणमान्य अतिथि एवं आयोजन व्यवस्था

मैच के दौरान डॉ. सी.एम. सिंह, डॉ. सुजीत कुमार, डॉ. महेंद्र प्रसाद, डॉ. तनवीर फरीदी, श्रवण तिवारी, संजय राय, नियमत्तुला फरीदी, ओम जी यादव, डॉ. सुहेल अहमद, डॉ. दिलशान अहमद, पप्पू चौबे, सुरेश अग्रवाल, सेठ छन्नूलाल सहित अनेक गणमान्य अतिथि, आयोजन समिति के सदस्य, जिगजैग क्रिकेट अकादमी के खिलाड़ी तथा हजारों की संख्या में दर्शक मौजूद रहे।
मैच में अंपायर की भूमिका राजेश कुमार यादव और संजीव तिवारी ने निभाई, कमेंट्री विक्की जायसवाल और अनुराग श्रीवास्तव ने की, जबकि स्कोरर अमन फरीदी और नारायण रहे।

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Subscribe my Newsletter for new blog posts, tips & new photos. Let's stay updated!

Laest News

@2025 – All Right Reserved.

Verified by MonsterInsights