पटना, 6 दिसम्बर। बिहार सरकार पहली बार किसी खेल टीम को प्रायोजित करते हुए देश में चल रहे प्रो कबड्डी लीग के 10 वें सीजन में ‘पटना पायरेट्स” टीम का मुख्य प्रायोजक बनी है। टीम के खिलाड़ी ‘ब्लिसफुल बिहार’ लिखी हुई जर्सी के साथ उतरेंगे मुकाबले में।
इस बात की जानकारी देते हुए बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण ने बताया कि सरकार का यह कदम निश्चित रूप से बिहार के खिलाड़ियों के लिए काफी उत्साहवर्धक है। इस तरह के प्रायोजन से हर खेल विधा के खिलाड़ियों का मनोबल ऊंचा होता है और वे बेहतर करने का प्रयास करते हैं। बिहार में कबड्डी प्राथमिकता वाले खेल में आता है।
बिहार के लिए यह गर्व की बात है कि बिहार के संदीप कुमार का प्रो कबड्डी लीग के पटना पायरेट्स टीम में नीलामी के द्वारा चयन हुआ है। यह बिहार के दूसरे खेल के खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा की बात है कि बेहतर खेलने पर इस तरह के प्राइवेट लीग और आर्थिक पुरस्कार वाले अन्य लीग में भी चयन हो सकता है जो उन्हें आर्थिक रूप से और सुदृढ़ बना सकता है।
आगे श्री शंकरण ने कहा कि 2 दिसंबर से शुरू प्रो कबड्डी लीग में 21 फरवरी 2024 तक देश के अलग अलग 12 शहरों में 12 टीमों के बीच होगा मुकाबला, हर टीम 22 मैच खेलेगी। पटना के पाटलिपुत्र खेल परिसर के इंडोर स्टेडियम में 26 से 31 जनवरी 2024 तक होगा प्रो कबड्डी लीग का मुकाबला। प्रो कबड्डी लीग के मैच इस तरह से आयोजित किए गए हैं कि टीम के हर फ्रेंचाइजी को अपने गृह राज्य में अपनी टीम के साथ खेलने का मौका मिल सके। प्रो कबड्डी लीग की आयोजन विभिन्न शहरों में इस प्रकार है :- अहमदाबाद – 2 से 7 दिसम्बर 2023 , बेंगलुरू – 8 से 13 दिसम्बर , पुणे – 15 से 20 दिसम्बर ,चेन्नई – 22 से 27 दिसम्बर , नोएडा 29 दिसम्बर 2023 से 3 जनवरी 2024 ,मुंबई – 5 से 10 जनवरी 2024 , जयपुर – 12 से 17 जनवरी , हैदराबाद – 19 से 24 जनवरी ,पटना – 26 से 31 जनवरी , दिल्ली – 2 से 7 फरवरी 2024 ।
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के निदेशक सह सचिव पंकज कुमार राज ने कहा कि खेल के क्षेत्र में बिहार निरंतर प्रगति कर रहा है और इसका मुख्य कारण है सरकार , खिलाड़ी और खेल प्राधिकरण हर तरह से बेहतर करने के प्रयास में कोई कमी नहीं रख रहे हैं । खेल की आधारभूत संरचनाओं का निर्माण और जीर्णोद्धार तेजी से चल रहा है बिहार में । पाटलिपुत्र खेल परिसर के इंडोर स्टेडियम का भी जीर्णोद्धार कर उच्च स्तरीय बनाया जा रहा है जिससे आगे भी प्रो कबड्डी लीग और राष्ट्रीय अंतर्राष्ट्रीय खेल सुचारु रूप से यहां हो सकें । इस इंडोर स्टेडियम के फर्श को वियतनाम से आयातित विशेष लकड़ी से पुनर्निमित किया जा रहा है जो यहां होने वाले प्रो कबड्डी लीग के मैच से पहले पूरा कर लिया जाएगा।
बिहार द्वारा पटना पायरेट्स की टीम का मुख्य प्रायोजक बनने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बिहार के कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के मंत्री श्री जितेंद्र कुमार राय ,अपर मुख्य सचिव श्रीमती हरजोत कौर बम्हरा ,बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री रवीन्द्रण शंकरण तथा निदेशक सह सचिव श्री पंकज राज ने पटना पायरेट्स टीम के सभी खिलाड़ियों को जीत और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं ।