मुबंई, 28 सितंबर। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मेगा आक्शन की तैयारियों के बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव जय शाह ने ऐलान किया है कि फ्रेंचाइजी के खिलाड़ियों को अनुबंध के अतिरिक्त हर मैच के लिये साढ़े सात लाख रुपये मैच फीस के तौर पर दिये जायेंगे।
शाह ने शनिवार शाम एक्स पर पोस्ट किया “ आईपीएल में निरंतरता और उत्कृष्ट प्रदर्शन का जश्न मनाने के लिए एक ऐतिहासिक कदम में, हम अपने क्रिकेटरों के लिए प्रति गेम 7.5 लाख रुपये की मैच फीस शुरू करने से रोमांचित हैं। एक सीज़न में सभी लीग मैच खेलने वाले क्रिकेटर को उनकी अनुबंधित राशि के अतिरिक्त 1.05 करोड़ रूपये अतिरिक्त मिलेंगे।”
उन्होने कहा “ प्रत्येक फ्रेंचाइजी सीजन के लिए मैच फीस के रूप में 12.60 करोड़ रुपये आवंटित करेगी। यह आईपीएल और हमारे खिलाड़ियों के लिए एक नया युग है।”
In a historic move to celebrate consistency and champion outstanding performances in the #IPL, we are thrilled to introduce a match fee of INR 7.5 lakhs per game for our cricketers! A cricketer playing all league matches in a season will get Rs. 1.05 crores in addition to his…
— Jay Shah (@JayShah) September 28, 2024
बीसीसीआई के इस निर्णय को उन अनकैप्ड खिलाड़ियों के लिये अहम माना जा रहा है जिन्हे बेस प्राइज पर खरीदा जाता है और वे अन्य अनुबंधित खिलाड़ियों की तुलना में एक सीजन में बहुत ही कम पैसा कमा पाते हैं। इस फैसले का यह भी मतलब है कि आगामी सीजन के लिए टीमों के पर्स (पास रहने वाली रकम) अमाउंट में भी इजाफा कर सकता है।
गौरतलब है कि आईपीएल के आगामी सत्र के लिये मेगा ऑक्शन नवंबर या दिसंबर माह में हो सकता है जिसमें हर फ्रेंचाइजी के पास पांच खिलाड़ियों को रिटेन करने का विकल्प मौजूद होगा। शाह के इस फैसले से ऑक्शन सत्र के और दिलचस्प होने के आसार हैं।