पटना। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (बीसीए) के अध्यक्ष राकेश कुमार तिवारी की अध्यक्षता में संघ की स्पेशल जेनरल मीटिंग (एसजीएम) तथा जेनरल बॉडी मीटिंग (जीबीएम) अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगामी 26 जून, 2020 को अपराह्न 12.30 बजे से आरा (भोजपुर) के होटल आदित्य इन में होगी।
बैठक के संबंध में स्पष्ट करते हुए बीसीए के संयुक्त सचिव सह कार्यकारी सचिव कुमार अरविंद ने बताया कि संघ के सभी मान्यता प्राप्त 38 जिलों से मात्र एक-एक प्रतिनिधि को भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है। इसके साथ ही बीसीए के सभी सीओएम के पदाधिकारी बैठक में उपस्थित रहेंगे।
श्री अरविंद ने कहा कि कोविड-19 कोरोना वायरस से बचाव के लिए भारत सरकार एवं बिहार सरकार के निर्धारित नियम का पूर्णत: अनुपालन किया जा रहा है। इसीलिए बीसीए के सभी एसोसिएट सदस्यों को बेविनार (ऑनलाइन) के माध्यम से भाग लेने हेतू व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही अन्य आवश्यक लोग भी बेविनार पर रहेंगे।
बीसीए के प्रवक्ता ने कहा-सूचना ईमेल से भेजी जा रही है
इस संबंध में बिहार क्रिकेट संघ के प्रवक्ता व अध्यक्ष के मीडिया सलाहकार संजीव कुमार मिश्र ने कहा कि बीसीए के एसजीएम व जीबीएम में हिस्सा लेने के लिए एसोसिएट मेंबर को उनके व्यक्तिगत ईमेल पर सूचना भेजी जा रही है। उन्होंने कहा कि ये सभी बेविनार के माध्यम से बैठक में हिस्सा लेंगे। श्री मिश्र ने कहा कि बिहार क्रिकेट एसोसिएशन की बेवसाइट पर नॉटिफिकेशन के माध्यम से बैठक से संबंधित जानकारी पहले भी दी जा चुकी है।





