पटना, 24 फरवरी। अभिषेक कुमार सिंह की अगुआई में बेहतरीन गेंदबाजी और पीयूष कुमार सिंह के शतक की बदौलत पटना ने बीसीए सीनियर मेंस वनडे ट्रॉफी में अरवल पर 7 विकेट की जीत हासिल की। 149 रन की पारी खेलने वाले पीयूष कुमार सिंह को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
मैच का सार
स्थानीय मोइनुल हक स्टेडियम में चल रहे पाटलिपुत्र जोन के अंतर्गत मंगलवार यानी 24 फरवरी को खेले गए मुकाबले में अरवल ने टॉस जीता और पहले बैटिंग करते हुह 50 ओवर में नौ विकेट पर 275 रन बनाये। जवाब में पटना ने 39 ओवर में 3 विकेट पर 276 रन बना कर मैच अपने नाम कर लिया।
पटना की दो मैचों में यह पहली जीत है जबकि अरवल की तीसरी हार है। ऐसे इस जोन में नॉकआउट पहुंचने वाली एक टीम का फैसला हो चुका है। जहानाबाद ने अपने सभी तीनों मैच जीत कर नॉकआउट का टिकट कटा लिया है।
ईपेपर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
अरवल की अच्छी शुरुआत, लेकिन बड़ा स्कोर नहीं बना पाए
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अरवल की टीम ने ठोस शुरुआत की। आयुष रवि शंकर ने 34 रन बनाए, जबकि आयुष राज ने 49 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। विक्रम चौधरी ने 43 रन जोड़कर मध्यक्रम को संभाला। अंत में विवेक कुमार ने तेज 50 रन बनाकर टीम को 50 ओवर में 275/9 तक पहुंचाया। आनंद प्रकाश ने 12 और वेदांत यादव ने 22 रन का योगदान किया। अतिरिक्त रन (29) भी उनके स्कोर में महत्वपूर्ण योगदान रहे।
पटना के गेंदबाजों ने दिखाई अनुशासित गेंदबाजी
पटना की ओर से अभिषेक कुमार सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 10 ओवर में केवल 39 रन देकर 3 विकेट लिए। राहुल राठौर और मलय राज ने भी दो-दो विकेट लेकर अरवल की रन गति पर नियंत्रण बनाए रखा।

पीयूष कुमार सिंह का तूफानी शतक
276 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पटना की शुरुआत आत्मविश्वास से भरी रही। सलामी बैटर पीयूष कुमार सिंह और आशीष कुमार ने 146 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। अर्धशतक के करीब पहुंच चुके आशीष कुमार को शांतनु चंद्रा ने आउट कर पटना को पहला झटका दिया। आशीष ने 47 रन बनाये। इसके बाद पीयूष कुमार सिंह और श्लोक ने पटना को जीत के करीब पहुंचा दिया। पीयूष कुमार सिंह ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 117 गेंदों पर 149 रन बनाए, जिसमें 15 चौके और 4 छक्के शामिल थे। श्लोक कुमार ने नाबाद 58 रन बनाये। पटना ने केवल 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
शांतनु चंद्रा का संघर्ष बेकार
अरवल के गेंदबाज शांतनु चंद्रा ने 3 विकेट लेकर टीम को उम्मीद दिलाने की कोशिश की, लेकिन अन्य गेंदबाजों से अपेक्षित सहयोग नहीं मिल सका।

संक्षिप्त स्कोर
अरवल-275/9 (50 ओवर), विवेक कुमार 50, आयुष राज 49, विक्रम चौधरी 43, आयुष रवि शंकर 34, सुमित राज 18, अतिरिक्त 29, वेदांत यादव 22, आनंद प्रकाश 12, अभिषेक कुमार सिंह 3/39, राहुल राठौर 2/46,मलय राज 2/56,सूरज कश्यप 1/63
पटना : 276/3 (39 ओवर), पीयूष कुमार सिंह 149, श्लोक कुमार नाबाद 58, आशीष कुमार 47, शांतनु चंद्रा 3/57
प्लेयर ऑफ द मैच: पीयूष कुमार सिंह (149 रन)