पटना, 14 मार्च। पटना के यशस्वी शुक्ला (100 रन) और अनिमेष कुमार (80 रन) की बैटिंग पर अरवल के (66 रन), दीपेश कुमार (46 रन) और आयुष सिंह (49) की पारी पड़ी गई। बीसीए मेंस अंडर-23 वनडे ट्रॉफी के पाटलिपुत्र जोन के अंतर्गत खेले गए इस मैच में अरवल ने पटना को दो विकेट से हरा कर इस जोन के क्वार्टरफाइनल में प्रवेश करने वाली टीम का फैसला एक दिन के लिए टाल दिया।
पाटलिपुत्र जोन में अरवल की टीम 3 मैचों में 8 अंकों के साथ पहले पायदान पर है। पटना और वैशाली की टीम 2 मैचों में चार-चार अंक के साथ दूसरे व तीसरे नंबर पर हैं। जहानाबाद की टीम 3 मैच में 4 अंक के साथ अंतिम पायदान पर है।
पटना बनाम वैशाली मैच से होगा फैसला
अरवल के भले ही 8 अंक हैं पर नेट रन रेट में वह माइनस में है। उसका नेट रन रेट -0.546 है जबकि पटना (0.718) और वैशाली (0.346) का नेट रन रेट प्लस में है। पटना बनाम वैशाली मैच में जो जीतेगा वह टीम नॉकआउट के लिए प्रवेश कर जायेगा। अगर मैच नहीं हुआ यानी किसी कारणवश रद्द हुआ या मैच टाई हुआ अरवल की टीम नॉकआउट में प्रवेश करेगी।
अरवल बनाम पटना मैच का सार
विक्रम के याशवन स्पोर्ट्स ग्राउंड पर खेले गए मैच में अरवल ने टॉस जीता और पटना को बैटिंग का न्योता दिया। पटना ने पहले बैटिंग करते हुए निर्धारित 50 ओवर में सभी विकेट खोकर 271 रन बनाये। अरवल की टीम 46.5 ओवर में 8 विकेट पर 272 रन बना कर मैच अपने नाम कर लिया।
पटना की बैटिंग
पहले बल्लेबाजी करते हुए पटना डीसीए की टीम ने निर्धारित 50 ओवर में 271 रन बनाए। टीम की ओर से यशस्वी शुक्ला ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 112 गेंदों पर 100 रन (13 चौके) की शतकीय पारी खेली। वहीं अनिमेष कुमार ने 101 गेंदों पर 80 रन बनाए और आकाश वर्मा ने 33 रन का योगदान दिया।
अरवल की ओर से गेंदबाजी में कप्तान सचिन सिंह ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 10 ओवर में 45 रन देकर 4 विकेट झटके। वहीं आदित्य कुमार और रंजन कुमार ने 2-2 विकेट चटकाये।
अरवल की बैटिंग
272 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अरवल की टीम ने 46.5 ओवर में 8 विकेट खोकर 272 रन बनाते हुए मैच अपने नाम कर लिया। टीम की ओर से आयुष रवि शंकर ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 35 गेंदों पर 66 रन (6 चौके, 5 छक्के) बनाए। वहीं आयुष सिंह ने नाबाद 49 रन और दीपेश कुमार गुप्ता ने 46 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। इसके अलावा आदित्य कुमार ने 30, आदित्य आनंद ने 17, सचिन सिंह ने 12, मोहम्मद इरफान आलम ने 13 रन की पारी खेली।
पटना की ओर से अभिनव सिंह ने 3, यश प्रताप ने 2 विकेट चटकाये।
संक्षिप्त स्कोर
पटना : : 271 ऑल आउट (50 ओवर),यशस्वी शुक्ला 100, अनिमेष अनुज कुमार 80,आकाश वर्मा 33, यश प्रताप 11,अतिरिक्त 25, सचिन सिंह 4/45, आदित्य कुमार 2/42, रंजन कुमार 2/60, दीपेश गुप्ता 1/57
अरवल : 272/8 (46.5 ओवर),आयुष रवि शंकर 66, आयुष सिंह नाबाद 49, दीपेश कुमार गुप्ता 46, विक्रम चौधरी 10, शांतनु चंद्रा 10, आदित्य आनंद 17, मोहम्मद इरफान आलम 13, सचिन सिंह 12, आदित्य कुमार 30, अगस्त्या आनंद 1/15, रिषभ भारद्वाज 1/43, अभिनव सिंह 3/44, उत्कर्ष कुमार 1/46, यश प्रताप 2/37