पटना, 11 मार्च। कुमार श्रेय (66 रन, 4 विकेट) के हरफनमौला खेल की बदौलत जहानाबाद ने अरवल को 6 विकेट से हरा कर बीसीए मेंस अंडर-23 वन डे ट्रॉफी 2025-26 में जीत की राह पर लौटा। कुमार श्रेय को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
मैच का सार
पटना के विक्रम स्थित याशवन स्पोर्ट्स ग्राउंड पर बुधवार यानी 11 मार्च को खेले गए पाटलिपुत्र जोन के मुकाबले में टॉस अरवल ने जीता और पहले बैटिंग करते हुए 44.3 ओवर में सभी विकेट खोकर 164 रन बनाये। जवाब में जहानबाद की टीम 26.4 ओवर में चार विकेट पर 167 रन बना कर मैच अपने नाम कर लिया।
अरवल की बैटिंग
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अरवल डीसीए की टीम बड़ी साझेदारी नहीं बना सकी और 44.3 ओवर में 164 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की शुरुआत धीमी रही, हालांकि आयुष रवि शंकर ने 23 रन बनाकर पारी को संभालने की कोशिश की। इसके बाद आदित्य आनंद ने 66 गेंदों में 31 रन की संयमित पारी खेली, जबकि दीपेश कुमार गुप्ता ने 67 गेंदों पर 33 रन का योगदान दिया। शांतनु चंद्रा ने 28 रन बनाकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में मदद की। अतिरिक्त के रूप में टीम को 14 रन मिले।
जहानाबाद की ओर से कप्तान कुमार श्रेय ने बेहतरीन गेंदबाजी का प्रदर्शन किया। उन्होंने 10 ओवर में 33 रन देकर 4 महत्वपूर्ण विकेट झटके और अरवल की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। उनके अलावा कुंदन कुमार ने 6.3 ओवर में मात्र 13 रन देकर 2 विकेट लिए, जबकि आयुष नंदन ने 7 ओवर में 21 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। नीतीश कुमार सिंह को भी एक सफलता मिली।
जहानाबाद की पारी
165 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जहानाबाद की शुरुआत अच्छी रही। कुमार शुभम ने 39 गेंदों पर 22 रन बनाए, लेकिन टीम की जीत की नींव कप्तान कुमार श्रेय ने रखी। उन्होंने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 46 गेंदों में 66 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 4 छक्के शामिल रहे।
मध्यक्रम में सोनू यादव 8 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन सौरव कुमार ने संयमित बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 28 रन बनाए। अंत में ऋषव रंजन ने 4 गेंदों पर 8 रन बनाकर टीम को 26.4 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 167 रन तक पहुंचा दिया और मैच जहानाबाद के नाम कर दिया।
अरवल की ओर से आदित्य कुमार ने 5 ओवर में 31 रन देकर 2 विकेट लिए, जबकि दीपेश कुमार गुप्ता को एक सफलता मिली। हालांकि लक्ष्य छोटा होने के कारण जहानाबाद के बल्लेबाजों ने आसानी से जीत हासिल कर ली।
संक्षिप्त स्कोर
अरवल : 164 ऑलआउट, 44.3 ओवर,दीपेश कुमार गुप्ता 33, आदित्य आनंद 31, शांतनु चंद्रा 28, आयुष रविशंकर 23, यश राज 10, आदित्य कुमार 18, अतिरिक्त 14, कुमार श्रेय 4/33, कुंदन कुमार 2/13, आयुष नंदन 2/21, नीतीश कुमार सिंह 1/13
जहानाबाद : 167/4 (26.4 ओवर), कुमार श्रेय 66, सौरव कुमार नाबाद 28, कुमार शुभम 22, अतिरिक्त 28, आदित्य कुमार 2/31, दीपेश गुप्ता 1/10