सिडनी, 15 फरवरी। तेज गेंदबाज अरुंधति रेड्डी की शानदार गेंदबाजी के दम पर भारत ने वर्षा से प्रभावित पहले महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को डकवर्थ-लुईस (डीएलएस) पद्धति के तहत 21 रन से हरा दिया। भारतीय गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन के सामने ऑस्ट्रेलियाई टीम 18 ओवर में 133 रन पर सिमट गई, जिसके बाद बारिश के कारण खेल दोबारा शुरू नहीं हो सका और भारत को विजेता घोषित किया गया।
अरुंधति, रेणुका और चरणी की घातक गेंदबाजी
भारत की ओर से अरुंधति रेड्डी ने 22 रन देकर चार विकेट झटके, जबकि रेणुका सिंह और श्री चरणी ने दो-दो विकेट लेकर मेजबान टीम की बल्लेबाजी को तहस-नहस कर दिया। ऑस्ट्रेलिया ने तेज शुरुआत करते हुए 2.2 ओवर में 22 रन बना लिए थे, लेकिन रेणुका ने बेथ मूनी को आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद जॉर्जिया वोल भी जल्द पवेलियन लौट गईं।
यह भी पढ़ें : पटना जिला सीनियर क्रिकेट लीग : अनमोल का शतक, ईआरसीसी की बड़ी जीत
एलिस पैरी और फोएबे लिचफील्ड ने तीसरे विकेट के लिए 41 रन की साझेदारी कर ऑस्ट्रेलिया की पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन कप्तान हरमनप्रीत कौर द्वारा लिया गया पैरी का शानदार कैच मैच का अहम मोड़ साबित हुआ। अरुंधति ने लिचफील्ड को आउट कर ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 80/5 कर दिया।

मध्यक्रम की कोशिश बेकार
जॉर्जिया वेयरहैम और निकोला कैरी ने छठे विकेट के लिए 41 रन जोड़कर ऑस्ट्रेलिया को 100 रन के पार पहुंचाया, लेकिन अरुंधति ने वेयरहैम को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ दिया। श्री चरणी ने निकोला कैरी को पवेलियन भेजा, जबकि अरुंधति ने डार्सी ब्राउन को बोल्ड कर ऑस्ट्रेलिया की पारी का अंत किया। मेजबान टीम ने अपने अंतिम पांच विकेट मात्र 12 रन पर गंवा दिए।
यह भी पढ़ें : Women’s Asia Cup Rising Stars में भारत ए ने पाकिस्तान ए को हराया
बारिश ने रोका खेल, डीएलएस से भारत विजेता
134 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने 5.1 ओवर में एक विकेट पर 50 रन बना लिए थे, तभी बारिश ने खेल रोक दिया और मैच दोबारा शुरू नहीं हो सका। उस समय डीएलएस के अनुसार बराबरी का स्कोर 29 रन था, जिससे भारत को 21 रन से विजेता घोषित किया गया।
भारत की ओर से शेफाली वर्मा ने 11 गेंदों में 21 रन बनाकर तेज शुरुआत दी, जबकि स्मृति मंधाना 17 गेंदों में 16 रन और जेमिमा रोड्रिग्स तीन गेंदों में 9 रन बनाकर नाबाद रहीं। ऑस्ट्रेलिया की नई कप्तान सोफी मोलिन्यू ने शेफाली का एकमात्र विकेट लिया।

ऑस्ट्रेलिया में नए नेतृत्व की शुरुआत
यह मैच ऑस्ट्रेलिया महिला टीम के लिए नए युग की शुरुआत भी माना जा रहा है, क्योंकि जनवरी में सोफी मोलिन्यू को टी20 टीम की कप्तानी सौंपी गई है। हालांकि, पहले ही मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन कर श्रृंखला में बढ़त बना ली।
इन्हें भी पढ़ें
टी20 विश्व कप : बड़ी जीत की तलाश में अफगानिस्तान
टी20 विश्व कप : श्रीलंका के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया के लिए करो या मरो की स्थिति
वेस्टइंडीज मेंस टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 में
टी20 विश्व कप : इंग्लैंड की नजर सुपर-8 पर