पटना, 6 मार्च। पटना में महिला खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अस्मिता खेलो इंडिया महिला रोड साइक्लिंग लीग (पूर्वी क्षेत्र) का आयोजन 7 से 8 मार्च तक किया जा रहा है। यह दो दिवसीय प्रतियोगिता पटना के जेपी गंगा पथ पर आयोजित होगी। प्रतियोगिता का आयोजन साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के मार्गदर्शन में साइकलिंग एसोसिएशन ऑफ बिहार द्वारा किया जा रहा है, जबकि इसे स्पोर्ट्स ऑथोरिटी ऑफ इंडिया का सहयोग प्राप्त है।
इस लीग में मेजबान बिहार के अलावा उत्तर प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल, असम, उड़ीसा और मणिपुर की महिला साइकिलिस्ट हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों की प्रतिभाशाली खिलाड़ी अपने कौशल का प्रदर्शन करेंगी।
साइकलिंग एसोसिएशन ऑफ बिहार के सचिव डॉ. कौशल किशोर सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्घाटन 7 मार्च को दोपहर 1 बजे किया जाएगा। उद्घाटन समारोह में पटना क्षेत्र के आईजी जितेंद्र राणा (आईपीएस) मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। इस अवसर पर बिहार ओलंपिक संघ के अध्यक्ष अजय कुमार, साई पटना क्षेत्र के प्रभारी सोमेश्वर राव, बिहार कबड्डी संघ के चेयरमैन कुमार विजय सिंह और बिहार राइफल संघ के सचिव कुमार त्रिपुरारी सिंह भी उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता साइकलिंग एसोसिएशन ऑफ बिहार के अध्यक्ष जगजीवन सिंह करेंगे।
यह लीग तीन आयु वर्ग वूमेन एलीट, वूमेन जूनियर और वूमेन सब-जूनियर में आयोजित होगी। प्रतियोगिता में इंडिविजुअल टाइम ट्रायल और मास स्टार्ट इवेंट शामिल हैं। विजेता महिला साइकिलिस्टों को कुल 1 लाख 20 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
आयोजकों के अनुसार अस्मिता खेलो इंडिया महिला रोड साइक्लिंग लीग को ऐतिहासिक बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।