पटना, 12 मार्च। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) द्वारा आयोजित बीसीए मेंस अंडर-23 वनडे ट्रॉफी 2025-26 के पाटलिपुत्र जोन के लीग मुकाबले में अरवल ने रोमांचक मुकाबले में वैशाली को 2 विकेट से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की। अरवल की ओर से शांतनु चंद्रा ने शतक जमाया और 1 विकेट भी चटकाये। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
मैच का सार
विक्रम स्थित याशवन स्पोर्ट्स ग्राउंड में खेले गए इस मैच में टॉस जीतकर वैशाली ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। निर्धारित 50 ओवर में वैशाली की टीम 9 विकेट के नुकसान पर 225 रन बनाने में सफल रही। लक्ष्य का पीछा करते हुए अरवल ने 45 ओवर में 8 विकेट खोकर 229 रन बनाते हुए मैच अपने नाम कर लिया।
वैशाली की पारी
पहले बल्लेबाजी करते हुए वैशाली की शुरुआत अच्छी नहीं रही और शुरुआती विकेट जल्दी गिर गए। इसके बाद कप्तान आदर्श कुमार ने पारी को संभालते हुए 57 गेंदों पर 39 रन बनाए।
मध्यक्रम में मोहम्मद याकूब ने 58 गेंदों पर 45 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली, जबकि ईशांत राज ने 27 रन और सत्यम राज ने 22 रन का योगदान दिया। टीम को अतिरिक्त के रूप में भी 33 रन मिले, जिसकी मदद से वैशाली 50 ओवर में 225/9 का स्कोर खड़ा करने में सफल रही।
अरवल की ओर से गेंदबाजी में आयुष रवि शंकर ने 9 ओवर में 32 रन देकर 3 विकेट झटके। वहीं सचिन सिंह ने 2 विकेट और दीपेश कुमार गुप्ता ने भी 2 विकेट लेकर वैशाली की बल्लेबाजी पर अंकुश लगाया।
शांतनु के शतक से अरवल की जीत
226 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अरवल की टीम की शुरुआत तेज रही लेकिन शुरुआती विकेट भी जल्दी गिर गए। इसके बाद शांतनु चंद्र चंद्र ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम की पारी को संभाला।
शांतनु ने 124 गेंदों पर 119 रन की नाबाद पारी खेली, जिसमें 15 चौके शामिल थे। उनके इस शानदार शतक की बदौलत अरवल की टीम लगातार दबाव में रहने के बावजूद लक्ष्य की ओर बढ़ती रही।
अंत में रंजन कुमार ने 24 रन की नाबाद पारी खेलते हुए शांतनु का अच्छा साथ दिया और टीम को 45 ओवर में जीत दिला दी।
वैशाली की अच्छी गेंदबाजी
वैशाली की ओर से गेंदबाजी में मोहम्मद याकूब और आदर्श कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3-3 विकेट हासिल किए, लेकिन शांतनु की शानदार बल्लेबाजी के आगे टीम जीत नहीं बचा सकी।
संक्षिप्त स्कोर
वैशाली : 225/9 (50 ओवर), मोहम्मद याकूब 45, आदर्श कुमार 39, ईशांत धीरेंद्र राज 27, अनमोल कुमार 16, अश्विनी कुमार 11, आदित्य आनंद 17, सत्यम राज 22, अतिरिक्त 33, आयुष रवि शंकर 3/32, सचिन सिंह 2/54, दीपेश कुमार गुप्ता 2/30ग़ शांतनु चंद्रा 1/34, रंजन कुमार 1/43
अरवल : 229/8 (45 ओवर), शांतनु चंद्रा नाबाद 119, रंजन कुमार 24, दीपेश कुमार गुप्ता 23, आयुष रविशंकर 15, मोहम्मद इरफान आलम 14, अतिरिक्त 17, मोहम्मद याकूब 3/31, आदर्श कुमार 3/30, आदित्य आनंद 1/46, सत्यम राज 1/36.