नईदिल्ली, 3 मार्च। ऑस्ट्रेलिया में आयोजित होने वाले एएफसी महिला एशिया कप से ठीक पहले भारतीय महिला फुटबॉल टीम के भीतर कुप्रबंधन का मामला सामने आया है। टीम की खिलाड़ियों ने उचित खेल किट नहीं मिलने को लेकर अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईआईएफ) को पत्र लिखकर अपनी नाराजगी जाहिर की है।
भारत बुधवार को पर्थ में वियतनाम के खिलाफ अपना पहला मुकाबला खेलेगा। मैच से एक दिन पहले टीम की सभी 26 खिलाड़ियों ने एआईएफएफ के उप महासचिव एम. सत्यनारायणन को पत्र लिखकर टूर्नामेंट के लिए सही फिटिंग वाली पोशाक और आधिकारिक किट उपलब्ध नहीं होने की शिकायत की।
खिलाड़ियों ने कहा-मनोबल और एकाग्रता पर पड़ा असर
खिलाड़ियों ने पत्र में लिखा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए पेशेवर मानकों का पालन जरूरी है, जिसमें सही फिटिंग वाली खेल पोशाक भी शामिल है।
पत्र के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ को उचित किट नहीं मिलने के कारण टूर्नामेंट से पहले ही कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। गलत मैच किट मिलने से खिलाड़ियों के मनोबल पर नकारात्मक प्रभाव पड़ा और उनकी एकाग्रता भी भंग हुई।
कप्तान स्वीटी देवी समेत आठ खिलाड़ियों ने किए हस्ताक्षर
इस पत्र पर टीम की कप्तान स्वीटी देवी नागमबम, देश की ओर से सर्वाधिक मैच खेलने वाली ग्रेस डांगमेई, मनीषा कल्याण, संगीता बसफोरे, पंथोई चानू, संजू, प्यारी जाक्सा और श्रेया हुड्डा समेत आठ खिलाड़ियों ने हस्ताक्षर किए हैं। पत्र में उल्लेख किया गया है कि सभी 26 खिलाड़ी इस मुद्दे पर सहमत हैं।
पत्र के अनुसार, दो मार्च को दोपहर दो बजे आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से यह पत्र लिखने का निर्णय लिया गया।
एआईएफएफ की सफाई – नई किट उपलब्ध कराई गई
मामला सामने आने के बाद एआईएफएफ ने स्पष्ट किया कि खिलाड़ियों को मंगलवार को नई किट उपलब्ध करा दी गई है।
उप महासचिव एम. सत्यनारायणन ने पीटीआई से कहा कि एएफसी के मैच कमिश्नरों की बैठक में नई किट पेश की गई और उसे मंजूरी भी मिल गई है।
पेशेवर प्रबंधन पर उठे सवाल
इस घटनाक्रम ने एआईएफएफ के प्रशासनिक ढांचे और पेशेवर प्रबंधन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट से ठीक पहले इस तरह की स्थिति सामने आना भारतीय महिला फुटबॉल के लिए चिंता का विषय माना जा रहा है।
अब सभी की नजरें पर्थ में होने वाले भारत-वियतनाम मुकाबले पर टिकी हैं, जहां टीम मैदान पर अपने प्रदर्शन से इन विवादों को पीछे छोड़ने की कोशिश करेगी।