पटना, 26 फरवरी। बिहार राज्य कबड्डी संघ और सीवान जिला कबड्डी संघ के संयुक्त तत्वावधान में देश के पहले राष्ट्रपति देशरत्न डॉ राजेंद्र प्रसाद की जन्मस्थली पर 22वीं बिहार राज्य सब जूनियर बालिका कबड्डी प्रतियोगिता 2024 का शानदार आगाज हुआ।
मुख्य अतिथि के रूप में बिहार राज्य कबड्डी संघ के सभापति कुमार विजय सिंह, विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला परिषद अध्यक्षता संगीता चौधरी, समाजसेवी प्रमोद कुमार मल्ल, डिवाइन स्कूल के डायरेक्टर सुभाष प्रसाद, समाजसेवी विनोद तिवारी ने नारियल फोड़ और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया।
सभी आगत अतिथियों का सीवान जिला कबड्डी संघ के अध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह, मनोरंजन कुमार सिंह द्वारा शॉल व मोमेंटो समर्पित कर स्वागत किया गया। प्रतियोगिता के उद्घाटन से पूर्व राज्य की सभी जिलों की टीमों के द्वारा देश रत्न डॉ राजेंद्र प्रसाद के तैलचित्र पर माल्यार्पण किया गया।
इस मौके पर बिहार राज्य कबड्डी संघ के सभापति कुमार विजय सिंह ने कहा कि बिहार सरकार द्वारा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने का कार्य किया जा रहा है जो प्रशंसनीय है। मेडल लाओ नौकरी पाओ के तहत अब राज्य में खेलों के प्रति रुझान बढ़ा है।
जिला परिषद अध्यक्ष संगीता चौधरी ने खिलाड़ियों को उज्जवल भविष्य की मंगल कामनाएं प्रेषित की।
पहला मैच सीवान एवं पश्चिमी चंपारण के बीच खेला गया जिसमें सीवान ने पश्चिमी चंपारण को 36 अंकों से पराजित किया। पटना ने दरभंगा,खगड़िया ने सहरसा और नालंदा ने भागलपुर को पराजि किया।
मैच के सफल संचालन के लिए अंतर्राष्ट्रीय रेफरी राणा रणजीत सिंह, जयशंकर चौधरी पंकज कुमार सिंह, पंकज कश्यप सहित 30 तकनीकी पदाधिकारी बिहार राज्य कबड्डी संघ से आए हुए हैं। इस मौके पर मनन सिंह, हरिकांत सिंह, संतोष सिंह, कृष्ण कुमार सिंह,संजय पाठक, डा विनोद यादव, अनिरुद्ध यादव, कन्हैया लाल पंडित आदि उपस्थित थे।


