आरा। भोजपुर जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में खेली जा रही भोजपुर जिला क्रिकेट लीग (Bhojpur Cricket League) में भोजपुर क्रिकेट एकेडमी ब्लू (सीनियर डिविजन) और वाईएमसीसी (जूनियर डिवीजन) ने जीत हासिल की। सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग में भोजपुर क्रिकेट एकेडमी ब्लू ने आरा क्रिकेट एकेडमी को 8 विकेट से जबकि वाईएमसीसी ने उमेश क्रिकेट क्लब को 8 रन से पराजित किया।
सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग
आरा के महाराजा कॉलेज के खेल मैदान पर खेले गए मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए आरा क्रिकेट एकेडमी की टीम मात्र 79 रन बनाकर आउट हो गई। रोहित सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 7 ओवर में 17 रन देकर 4 विकेट प्राप्त किये। शाहबाज ने भी 7 ओवर में 32 रन देकर 4 विकेट प्राप्त किये। विक्की और राकेश को एक-एक विकेट प्राप्त हुआ। आरा क्रिकेट एकेडमी बी की तरफ से मोहम्मद हैदर ने 10 रन, बबलू कुमार ने 17 रन ,राकेश कुमार ने 16 रन,और अभिराज सिंह ने 15 रन बनाए।
79 रन के मामूली लक्ष्य का पीछा करने उतरी भोजपुर क्रिकेट एकेडमी ब्लू की टीम ने 2 विकेट खोकर लक्ष्य को हासिल कर लिया। रित्विज ने नाबाद 35 रन, आकाश ने 23 रन और समीर अनवर ने नाबाद 15 रनों का योगदान किया। आरा क्रिकेट एकेडमी बी की तरफ से गेंदबाजी करते हुए पीयूष ने एक विकेट और अक्षत ने 1 विकेट प्राप्त किया। इस प्रकार भोजपुर क्रिकेट एकेडमी ब्लू ने यह मैच 8 विकेट से जीत लिया। आज के मैच के निर्णायक जितेंद्र कुमार और कुंदन कुमार थे। स्कोरिंग ललित ने की। मैन ऑफ द मैच रोहित सिंह को दिया गया।

जूनियर डिवीजन क्रिकेट लीग
जैन कॉलेज के ग्राउंड पर चल रही जूनियर डिवीजन क्रिकेट लीग में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए वाईएमसीसी ने 30 ओवर में 10 विकेट के नुकसान पर 163 रन बनाए। मोहन ने सर्वाधिक 55 रन, ओमप्रकाश ने 17 रन, आशुतोष ने 21 रन और रजनीश ने 17 रनों का योगदान किया। अतिरिक्त रनों की संख्या 28 रही। उमेश क्रिकेट क्लब की तरफ से गेदबाजी करते हुए श्रीधामशू ने 3 विकेट, आदित्य वर्धन ने 3 विकेट, अमन ने दो विकेट और आशुतोष ने 1 विकेट प्राप्त किये।
163 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी उमेश क्रिकेट क्लब ग्रीन की पूरी टीम 155 रन बनाकर आउट हो गई। विशाल ने सर्वाधिक नाबाद 41 रन, प्रिंस ने 29 रन और पुनीत ने 17 रनों का योगदान दिया। वाईएमसीसी की तरफ से गेंदबाजी करते हुए मोहम्मद अनीस ने सर्वाधिक 4 विकेट, रोहित ने 2 विकेट, रजनीश ने दो विकेट प्राप्त किये। वाईएमसीसी ने यह मैच 8 रनों से जीत लिया। वाईएमसीसी के मोहन को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
आज के मैच के निर्णायक आदित्य आर्यन और आदित्य थे, स्कोरिंग अमर ने की। मैच के दौरान जिला क्रिकेट संघ के सचिव, कोषाध्यक्ष ,स्टार फ्रेंड्स के सचिव सुमित सिन्हा सीनियर खिलाड़ी वरुण राज, राजीव कुमार, स्टेट पैनल अंपायर संजीव तिवारी उपस्थित थे। कल का मैच सीनियर डिवीजन में एवेंजर क्रिकेट क्लब ग्रीन बनाम राइजिंग स्टार क्रिकेट क्लब के बीच प्रातः 9:00 बजे महाराजा कॉलेज के मैदान पर होगा। वही जैन कॉलेज में जूनियर डिवीजन में एवेंजर क्रिकेट क्लब ब्लू बनाम सीएबी ग्रीन के बीच मैच प्रातः 9:00 बजे शुरू होगा। इसकी जानकारी जिला क्रिकेट संघ के सचिव विनीत कुमार राय (ज्ञानू ) ने दी।