पटना। बिहार राज्य कबड्डी संघ के उपाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा का बुधवार (6 सितंबर, 2022) को तड़के सुबह चार बजे आकस्मिक निधन हो गया। उन्होंने गाजियाबाद के वैशाली स्थित आवास पर अंतिम सांस ली। वे किडनी की बीमारी से ग्रसित चल रहे थे।
पटना के हनुमाननगर-कंकड़बाग के रहने वाले स्व. संजय कुमार सिन्हा काफी मृदुभाषी व्यक्ति थे। बिहार में कबड्डी के स्थापना काल से इस खेल से जुड़े थे। बिहार में कबड्डी के विकास में उनका हमेशा साथ मिलता रहा। स्व. संजय कुमार सिन्हा ने पटना में आयोजित में महिला विश्व कप कबड्डी चैंपियनशिप में भाग लेने वाली भारतीय टीम के मैनेजर की भूमिका निभाई थी।
बिहार राज्य कबड्डी संघ के सचिव ने बताया कि बुधवार की सुबह जैसी यह खबर मिली मैं अवाक रह गया। उन्होंने कहा कि मैं न केवल अपने संगठन का एक मागर्दशक खोया है बल्कि एक सच्चा दोस्त हमें छोड़ कर चला गया। कबड्डी में आने के पहले से हम सबों की मित्रता है। बिहार में कबड्डी के विकास में किये गए उनके कार्यों की पूर्ति करना असंभव है।
संजय कुमार सिन्हा के निधन पर संघ के अध्यक्ष अंजनी कुमार सिंह (पूर्व मुख्य सचिव), उपाध्यक्ष रामाकांत प्रसाद, संयुक्त सचिव अवधेश कुमार सिंह, दोहा एशियाड के स्वर्ण विजेता राजीव कुमार सिंह, पंकज कुमार सिंह, श्याम नंदन सिंह, राणा रणजीत सिंह, आनंद शंकर तिवारी, कन्हैया तांती, गौतम कुमार प्रीतम, कुमार दीपक सिंह कश्यप, जय शंकर चौधरी, अरुण कुमार, एनआईएस कोच भवेश कुमार एवं चांदनी कुमारी समेत तमाम खिलाड़ियों ने शोक व्यक्त किया।
बिहार ओलम्पिक संघ के अध्यक्ष अब्दुल बारी सिद्दीकी, सचिव मोहम्मद मुश्ताक अहमद, बिहार फुटबॉल संघ के सचिव सैयद इम्तियाज हुसैन, बिहार वॉलीबॉल संघ के संयुक्त सचिव डॉ सुनील कुमार सिंह, टेबुल टेनिस के सचिव मुकेश राय, ताइक्वांडो संघ के अजय कुमार ने भी बिहार खेल जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया।