पटना, 14 मार्च। बिहार सरकार के खेल विभाग, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण और बिहार राज्य कबड्डी संघ ने बिहार में महिला कबड्डी के विकास के लिए बड़ा कदम उठाने जा रहा है। खबर है कि आने वाले दिनों में राजगीर में कबड्डी ऑफ एक्सीलेंस सेंटर की स्थापना होगी जिसमें तकरीबन 30-40 प्लेयर को विशेष रूप से तरासा जायेगा। उन्हें विशेष ट्रेनिंग के साथ-साथ मैचों की सुविधा उपलब्ध कराई जायेगी। साथ की उनके परफॉरमेंस की लगातार मोनेटरिंग भी होगी। मिली जानकारी के अनुसार प्लेयरों का सेलेक्शन वर्तमान में पटना के पाटलिपुत्र खेल परिसर में चल रही बिहार वीमेंस कबड्डी लीग सीजन-2 से किया जायेगा।
इस बीच बिहार राज्य खेल प्राधिकरण और बिहार राज्य कबड्डी संघ ने बिहार वीमेंस कबड्डी लीग से प्लेयरों के सेलेक्शन के लिए चयन समिति का गठन कर दिया है। खिलाड़ियों के चयन और प्रदर्शन के मूल्यांकन के लिए एक चयन समिति का गठन किया गया है। इसमें मंगला देशाई (अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षक), राणा रंजीत सिंह (टेक्निकल इंचार्ज) और आनंद शंकर तिवारी (रेफरी इंचार्ज) को जिम्मेदारी दी गई है।

समिति खिलाड़ियों के प्रदर्शन और तकनीकी क्षमता के आधार पर प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन करेगी। चयनित खिलाड़ियों में से आगे चलकर टीम ‘ए’ और टीम ‘बी’ का गठन किया जाएगा जो भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर बिहार का प्रतिनिधित्व कर सकती हैं। इस लीग के आयोजन से बिहार में महिला कबड्डी को नई पहचान मिलने की उम्मीद जताई जा रही है और युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण मंच मिलेगा।
गौरतलब है कि द्वितीय बिहार राज्य महिला कबड्डी लीग 2026 का आयोजन 11 से 17 मार्च 2026 तक पाटलिपुत्र खेल परिसर, कंकड़बाग (पटना) में किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में राज्य की छह टीमें हिस्सा लेंगी और कुल 120 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
लीग में भाग लेने वाली टीमों में सीतामढ़ी सेंटिनल्स, मगध वॉरियर्स, नालंदा निंजास, पटना पेलिकन्स, सीवान टाइटंस और सारण स्ट्राइकर्स शामिल हैं। इस प्रतियोगिता के माध्यम से महिला कबड्डी खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है।