पटना, 11 मार्च। बिहार सरकार के खेल विभाग, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण और बिहार राज्य कबड्डी संघ के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार यानी 11 मार्च से शुरू बिहार वीमेंस कबड्डी लीग सीजन-2 के पहले दिन के दूसरे मुकाबले में गत उपविजेता सारण स्ट्राइकर्स ने सीतामढ़ी सेंटिनल्स को 24-17 से पराजित किय। पहले हाफ में इस मैच का स्कोर 13-11 सारण स्ट्राइकर्स के पक्ष में रहा। इस मैच में सारण स्ट्राइकर्स के कप्तान मुस्कान ने बढ़िया खेल दिखाया। दोनों टीमों के बीच 1-1 अंक के लिए जंग हुई। सीतामढ़ी ने कई बार बढ़त लेने की कोशिश की पर सारण स्ट्राइकर्स के खिलाड़ियों ने हमेशा उन्हें रोक कर रखा। पहले मुकाबले में गत विजेता सीवान टायंटस को मगध वारियर्स ने 21-48 से पराजित किया था।
इस प्रतियोगिता का आयोजन 11 से 17 मार्च 2026 तक पटना के पाटलिपुत्र खेल परिसर के इंडोर स्टेडियम में इस प्रतिष्ठित लीग का आयोजन किया जा रहा है। सात दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में छह टीमें हिस्सा लेंगी और कुल 34 मुकाबलों के बाद चैंपियन का फैसला होगा।
इस प्रतियोगिता का उद्घाटन शाम 6 बजे बिहार के उप मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी करेंगे, जबकि कार्यक्रम में खेल मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगी।
स बार की लीग की खास बात यह है कि सभी टीमों की कोच और सहायक कोच महिलाएं ही हैं। इस प्रतियोगिता से निकलने वाली खिलाड़ी आगे चलकर बिहार की कबड्डी टीम के चयन के लिए भी दावेदारी पेश करेंगी। खेल प्राधिकरण का उद्देश्य है कि भविष्य में राष्ट्रीय महिला कबड्डी टीम में बिहार की खिलाड़ियों की मजबूत भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
प्रतियोगिता के मुकाबले प्रतिदिन दो सत्रों में खेले जाएंगे। सुबह का सत्र सुबह 8:30 बजे से 11 बजे तक और शाम का सत्र 5:30 बजे से 8 बजे तक आयोजित होगा। प्रतियोगिता में विजेता टीम और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल और नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। साथ ही सभी खिलाड़ियों को प्रायोजकों की ओर से 5000 रुपये की प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी।
यह लीग खेल विभाग, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण और बिहार कबड्डी संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की जा रही है और इसके आयोजन में बिहार कबड्डी संघ की महत्वपूर्ण भूमिका है।