रांची, 28 जनवरी। साइकिलिंग के क्षेत्र में झारखंड के लिए यह बेहद गौरवपूर्ण क्षण है। झारखंड साइकिलिंग संघ से जुड़े तीन प्रतिभाशाली साइकिलिंग राइडर्स का चयन ट्रैक एशियन कप 2026 के लिए भारतीय टीम में किया गया है। यह प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता 29 से 31 जनवरी 2026 तक तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई के वंडलूर स्थित एसडीएटी साइक्लिंग वेलोड्रोम में आयोजित की जा रही है।
एशिया के 11 देशों की होगी भागीदारी
साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित इस ट्रैक एशियन कप में एशिया के 11 देशों के शीर्ष साइकिलिस्ट भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता में स्प्रिंट, टीम इवेंट्स और अन्य ट्रैक स्पर्धाओं में कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगी। ऐसे बड़े मंच पर झारखंड के खिलाड़ियों का चयन राज्य के खेल विकास के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
झारखंड से चयनित खिलाड़ी
इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में झारखंड से जिन तीन खिलाड़ियों को भारतीय टीम में शामिल किया गया है, वे हैं-सरिता कुमारी, आमिर रियाज़ और विकास उरांव। इन खिलाड़ियों का चयन उनके लगातार बेहतरीन प्रदर्शन, अनुशासन और कठिन परिश्रम का परिणाम है। घरेलू एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन के बाद अब उन्हें एशियाई मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला है।
राज्य के खेल विकास की दिशा में बड़ी उपलब्धि
ट्रैक एशियन कप जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में झारखंड के खिलाड़ियों का प्रतिनिधित्व करना इस बात का प्रमाण है कि राज्य में साइकिलिंग सहित अन्य खेलों के लिए मजबूत आधार तैयार हो रहा है। झारखंड साइकिलिंग संघ द्वारा निरंतर प्रशिक्षण, प्रतियोगिताओं में सहभागिता और खिलाड़ियों को सही मंच उपलब्ध कराने का सकारात्मक परिणाम अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दिखाई दे रहा है।
जनप्रतिनिधियों और संघ पदाधिकारियों ने दी शुभकामनाएं
चयनित खिलाड़ियों को राजमहल लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय हसदा, पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर, देवघर के उपायुक्त नमन प्रियस लकड़ा, झारखंड साइकिलिंग संघ के अध्यक्ष डॉ. मधुकांत पाठक, महासचिव शैलेंद्र पाठक, कोषाध्यक्ष रणवीर सिंह, उपाध्यक्ष अम्लान कुसुम सिन्हा सहित कई पदाधिकारियों, जिला संघों के अध्यक्ष–सचिवों, प्रशिक्षक रामकुमार भट्ट और प्रशिक्षिका प्रोन्नति रानी ने बधाई दी है।
सभी ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य और ट्रैक एशियन कप 2026 में शानदार प्रदर्शन की कामना करते हुए कहा कि यह सफलता आने वाली पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।