बेगूसराय, 23 दिसंबर। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, खेल विभाग बिहार सरकार एवं जिला प्रशासन बेगूसराय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय अंतर प्रमंडल विद्यालय अंडर-14 बालक क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला तिरहुत और सारण के बीच खेला जायेगा। सेमीफाइनल में तिरहुत ने पूर्णिया और सारण ने दरभंगा को हराया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला खेल पदाधिकारी बिट्टू कुमार सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। उन्होंने सभी प्रमंडलों के खिलाड़ियों के बेहतरीन प्रदर्शन की सराहना करते हुए सेमीफाइनल में पहुंची टीमों को शुभकामनाएं दीं और रोमांचक मुकाबलों की उम्मीद जताई।
पहला सेमीफाइनल: तिरहुत ने पूर्णिया को हराया
पहले सेमीफाइनल में पूर्णिया बनाम तिरहुत के बीच मुकाबला खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पूर्णिया की टीम मात्र 12 ओवर में 49 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। पूर्णिया की ओर से दिव्यांशु रॉय ने 28 गेंदों में 5 चौकों की मदद से 28 रन बनाए, जबकि अन्य बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सके।
तिरहुत की ओर से गेंदबाजी में बिलाल साह ने 3 ओवर में 3 रन देकर 2 विकेट और अंकित यादव ने 1 ओवर में 2 रन देकर 2 विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करते हुए तिरहुत की टीम ने 6.3 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 51 रन बनाकर मैच जीत लिया। आशीष केसरी ने 17 गेंदों में 21 रन और सचिन राज ने 14 गेंदों में 19 रन बनाए। पूर्णिया की ओर से अनुराग आरजू और अतीफ कमाल को एक-एक विकेट मिला। शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए बिलाल साह को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरा सेमीफाइनल: सारण ने दरभंगा को दी मात
दूसरे सेमीफाइनल में सारण बनाम दरभंगा का मुकाबला हुआ। टॉस जीतकर सारण ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। दरभंगा की टीम ने निर्धारित 16 ओवर में 2 विकेट पर 95 रन बनाए। दरभंगा की ओर से अयान ने 50 गेंदों में 40 रन और कप्तान आदित्य राज ने 23 गेंदों में 6 चौकों की मदद से 35 रन बनाए। सारण की ओर से गेंदबाजी में अक्षित कुमार ने 3 ओवर में 19 रन देकर 1 विकेट लिया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए सारण की टीम ने 15वें ओवर में 2 विकेट से जीत दर्ज की। रेहान रजा ने 18 गेंदों में 22 रन और श्रेयश ने नाबाद 5 गेंदों में 11 रन बनाए। दरभंगा की ओर से गेंदबाजी में तोहिद अली (4 ओवर, 16 रन, 2 विकेट) और रुदल (2 ओवर, 7 रन, 1 विकेट) ने अच्छा प्रदर्शन किया। शानदार बल्लेबाजी और गेंदबाजी के लिए अक्षित कुमार को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
फाइनल मुकाबला
अब प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला तिरहुत और सारण प्रमंडल के बीच खेला जाएगा, जिसे लेकर खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह है।
इस अवसर पर बेगूसराय जिला क्रिकेट संघ के सचिव मृत्युंजय कुमार वीरेश, शारीरिक शिक्षक विश्वजीत कुमार, अरविंद कुमार, कन्हैया भारद्वाज, चिरंजीवी ठाकुर, अरुनव पंकज, दीपक कुमार दीप, शशिकांत, शुभम, रितेश, मणिकांत, क्रिकेट खिलाड़ी मुरारी कुमार, सुमित कुमार सहित कई खेल प्रेमी उपस्थित रहे। स्कोरर की भूमिका राहुल कुमार और अभय शंकर आर्या ने निभाई, जबकि उद्घोषक एवं मंच संचालन सुमित कुमार ने किया।
इसे भी पढ़ें : राज्य स्तरीय अंतर प्रमंडल अंडर-14 क्रिकेट में सारण व पूर्णिया विजयी
इसे भी पढ़ें :अंतर प्रमंडल अंडर-14 क्रिकेट : अंतिम गेंद पर मुंगेर की रोमांचक जीत