रांची, 12 नवंबर। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार के अधीन झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के तत्वावधान में “खेलो झारखंड” कार्यक्रम अंतर्गत राज्य स्तरीय अंडर-19 बालक एवं बालिका स्कूली क्रिकेट की खुली चयन प्रक्रिया का आयोजन बुधवार को साउथ रेलवे कॉलोनी मैदान, चुटिया, रांची में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इस चयन प्रक्रिया में राज्य के विभिन्न जिलों से कुल 325 क्रिकेट खिलाड़ियों (जिसमें 258 बालक एवं 67 बालिका खिलाड़ी) ने भाग लिया। दिनभर चली चयन प्रक्रिया में खिलाड़ियों ने राज्य टीम में चयन के लिए पूरे जोश और उत्साह के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। मैदान पर खिलाड़ियों की ऊर्जा और खेल भावना देखते ही बनती थी।

इस अवसर पर राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने कहा कि “आज के ट्रायल में झारखंड के विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों ने जिस उत्साह और खेल कौशल का प्रदर्शन किया है, वह वास्तव में सराहनीय है। ‘खेलो झारखंड’ कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य राज्यभर से खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अवसर प्रदान करना है।”
उन्होंने बताया कि आने वाले 21 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के माध्यम से चयनित खिलाड़ियों को और निखारने का अवसर मिलेगा। इसके पश्चात झारखंड राज्य अंडर-19 क्रिकेट टीम का गठन किया जाएगा, जो आगामी राष्ट्रीय स्कूली खेलकूद प्रतियोगिता (SGFI) में राज्य का प्रतिनिधित्व करेगी।
-
अंडर-19 बालक वर्ग की प्रतियोगिता 5 से 9 दिसम्बर 2025 तक रोहतक (हरियाणा) में
अंडर-19 बालिका वर्ग की प्रतियोगिता 1 से 6 जनवरी 2026 तक मध्य प्रदेश में आयोजित होगी।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालय स्तर से खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित कर उन्हें राज्य एवं राष्ट्रीय मंच तक पहुँचाना है, ताकि विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास एवं टीम भावना का विकास हो सके।