पटना, 14 सितंबर। पाटलिपुत्र खेल परिसर में 13 और 14 सितंबर को आयोजित खेलो इंडिया एनटीपीसी जोनल आर्चरी टूर्नामेंट 2025 का रविवार को भव्य समापन हुआ। यह प्रतियोगिता बिहार में पहली बार आयोजित की गई, जिसमें 6 राज्यों और विभिन्न संस्थानों के 350 से अधिक खिलाड़ी और प्रशिक्षक शामिल हुए।
कड़े मुकाबलों के बीच कंपाउंड पुरुष वर्ग में आरएसपीबी के शुभम दास ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। रजत पदक झारखंड के दिव्यांशु सिंह को मिला, जबकि बिहार के विक्रम कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीता। चौथे स्थान पर एसपीएसबी के एमडी आदिल रहे।
महिला वर्ग में पश्चिम बंगाल की प्राप्ति वेटेबल ने स्वर्ण पदक हासिल किया। झारखंड की संगीता कुमारी मुर्मू को रजत और राज अदिति कुमारी (झारखंड) को कांस्य पदक मिला। चौथे स्थान पर सलोनी उरांव (झारखंड) रहीं।
पुरस्कार वितरण समारोह में बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के निदेशक सह सचिव रविंद्र नाथ चौधरी, बिहार तीरंदाजी संघ के सचिव मनोज कुमार, भारतीय तीरंदाजी संघ के कंपटीशन डायरेक्टर हरेश कुमार, बिहार ओलंपिक संघ की उपाध्यक्ष नूतन कुमारी और अंजलि कुमारी ने खिलाड़ियों को मेडल और नकद पुरस्कार प्रदान किए।