गया, 19 मार्च। गया के हरिहर सुब्रमण्यम स्टेडियम में चल रहे अटल सिंह मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में बिहार कैम्ब्रिज क्रिकेट एकेडमी का मुकाबला अरुणोदय क्रिकेट एकेडमी से होगा।
सेमीफाइनल में बिहार कैम्ब्रिज क्रिकेट एकेडमी ने महारानी हीरोज को छह विकेट से और अरुणोदय क्रिकेट एकेडमी ने मगध पैंथर को दो विकेट से हराया।
पहले सेमीफाइनल में महारानी हीरोज ने टॉस जीता और बैटिंग का फैसला किया। महारानी हीरोज ने 21 ओवर में नौ विकेट पर 124 रन बनाये। प्रशांत ने 30 रन की पारी खेली। सूरज कश्यप ने 20 रन देकर 3 और कुंदन शर्मा ने 26 रन देकर 3 विकेट चटकाये।
जवाब में बिहार कैम्ब्रिज क्रिकेट एकेडमी ने 17.2 ओवर में चार विकेट पर 126 रन बना कर मैच अपने नाम कर लिया। मोहम्मद आलम ने 54 और आकाश राज ने 32 रन बनाये। अरविंद वर्मा ने 16 रन देकर 1 विकेट चटकाये। सूरज कश्पय को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
दूसरे सेमीफाइनल में मगध पैंथर ने टॉस जीता और पहले बैटिंग करते हुए 21 ओवर में पांच विकेट पर 141 रन बनाये। प्रशांत कुमार यादव ने 58 और एचएन सिंह ने 37 रन की पारी खेली। अरुण कुमार विद्यार्थी ने 11 रन देकर 2 विकेट चटकाये।
जवाब में अरुणोदय क्रिकेट एकेडमी 20.3 ओवर में 8 विकेट पर 146 रन बना कर मैच अपने नाम कर लिया। बंटी साहनी ने 73 रन की पारी खेली। मगध पैंथर के 32 रन देकर 4, गौरव कुमार ने 24 रन देकर 2 विकेट चटकाये। बंटी साहनी को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।

