गया, 27 मार्च। अखिल भारतीय शतरंज महासंघ के तत्वावधान में अखिल बिहार शतरंज संघ द्वारा आयोजित 12वीं नेशनल एमेच्योर शतरंज प्रतियोगिता में चौथे चक्र की समाप्ति के पश्चात 1700 रेटिंग स्पर्धा के पुरूष वर्ग में बिहार के राज आर्यन एवं अव्यय शर्मा समेत कुल 10 खिलाड़ी संयुक्त रूप से शीर्ष पर चल रहे हैं।
27 मार्च यानी शुक्रवार को खेले गए चौथे चक्र के मुकाबले में चार नम्बर बोर्ड पर खेलते हुए अव्यय शर्मा ने लंदन सिस्टम के खेल में महाराष्ट्र के संघर्ष ओले को 60 चालों में पराजित कर अपनी अग्रता बनाये रखी।
इनके साथ ही आठवें बोर्ड पर खेल रहे एशियाई एमेच्योर विजेता , मुजफ्फरपुर , बिहार के राज आर्यन ने हरियाणा के रुद्र शक्ति मदान को पराजित कर संयुक्त बढ़त बनाये रखने वालों की सूची में अपनी नाम बनाये रखी है।
2000 रेटिंग वर्ग में ओडिशा के आयुष्मान मोहंती चार अंको के साथ अकेले शीर्ष पर चल रहे है जबकि साढ़े तीन अंको के साथ तीन अन्य खिलाड़ी संयुक्त रूप से शीर्ष पर बने हुए है।
पुरुषों के 2300 रेटिंग स्पर्धा में हरियाणा के अरहान जैन, चंडीगढ़ के अयान गर्ग एवं उत्तर प्रदेश के विदित सेठी चार अंको के साथ संयुक्त रूप से आगे चल रहे हैं। चौथे चक्र तक शीर्ष पर चल रहे बिहार के प्रत्यूष कुमार को बोर्ड नम्बर दो पर अयान से शिकस्त का सामना करना पड़ा।
महिलाओं के2300-2000 रेटिंग वर्ग में , बंगाल की बृष्टि मुखर्जी एवं कर्नाटक की आरुषि डिसिल्वा चार अंको के साथ प्रतियोगिता के अग्रिम पंक्ति में शामिल हो गई हैं। बिहार की मरियम फातिमा को एक नम्बर बोर्ड पर बंगाल की बृष्टि के हांथो पराजय का सामना करना पड़ा। सफेद मोहरों से खेल रही मरियम अंत के खेल में विपक्षी का वजीर बनने से नही रोक पाई और हार स्वीकार कर ली।
महिलाओं के 1700 रेटिंग वर्ग में तमिलनाडु की वैष्णवी राधाकृष्णन एवं हरियाणा की काशवी शभरवाल चार अंको के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर चल रही है जबकि दो खिलाड़ी साढ़े तीन अंको के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर चल रही है। एक अंको के साथ पिछड़ कर बिहार की तीन दावेदार अर्पिता, अदीबा एवं नव्या अन्य खिलाड़ियों के साथ तीसरे स्थान पर पहुंच गई है।


