पटना, 7 नवंबर। भारतीय हॉकी के 100 गौरवशाली वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में शुक्रवार को हॉकी बिहार के तत्वावधान में पूरे राज्य में शताब्दी वर्ष 2025 का भव्य आयोजन किया गया। मुख्य कार्यक्रम दानापुर, पटना स्थित डुंगडुंग स्टेडियम के हॉकी टर्फ मैदान पर हुआ, जहां उत्साह और खेल भावना का अद्भुत संगम देखने को मिला।
इसे भी पढ़ें : भारतीय हॉकी के 100 साल : हॉकी इंडिया ने दी बड़ी सौगात
इस अवसर पर एक रोमांचक मैत्रीपूर्ण हॉकी मैच का आयोजन किया गया, जिसमें मुजफ्फरपुर एकादश और राजपुताना रेजिमेंट, सिलीगुड़ी की टीमों के बीच शानदार मुकाबला खेला गया। वहीं, बालिकाओं का मैच शास्त्री नगर बालिका उच्च विद्यालय, पटना में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत खिलाड़ियों से परिचय के साथ हुई। हॉकी बिहार के महासचिव श्री मुश्ताक अहमद और वरिष्ठ पत्रकार श्री प्रेमचन्द्र झा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच का शुभारंभ किया। इसके बाद केक काटकर शताब्दी वर्ष का जश्न मनाया गया।
इस अवसर पर राज्य के पूर्व और वर्तमान हॉकी खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया तथा उन्हें स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। मैच के अंपायर के रूप में सलमान खान और राजू कुमार ने जिम्मेदारी निभाई। आयोजन में सुबेदार प्रीतम बहादुर (स्पोर्ट्स जेसीओ), सुनील विक्रम, मुनीन्द्र कुमार, मनोज कुमार, विकास कुमार सिंह, अमर भारती, रमेश कुमार, प्रीती सिंह, श्रेया कुमारी, अंजनी कुमार, आंचल कुमारी सहित कई खेल हस्तियां उपस्थित रहीं।
इसे भी पढ़ें : पटना जिला सॉफ्ट टेनिस : डीपीएस और ईशान इंटरनेशनल स्कूल का दबदबा
यह आयोजन भारतीय हॉकी के 100 वर्षों की गौरवशाली परंपरा और स्वर्णिम इतिहास को समर्पित रहा। इस अवसर पर सभी ने हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद सहित महान खिलाड़ियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
राज्य के सभी जिलों में हॉकी बिहार की इकाइयों ने शताब्दी वर्ष का जश्न धूमधाम से मनाया, जिसमें खिलाड़ियों, कोचों, और खेल प्रेमियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शास्त्री नगर कन्या विद्यालय में भी रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इस अवसर पर हॉकी बिहार के महासचिव श्री मुश्ताक अहमद ने कहा—
“भारतीय हॉकी की 100 वर्ष की यात्रा हमारी खेल संस्कृति और राष्ट्रीय गर्व का प्रतीक है। हमारा संकल्प है कि बिहार के हर जिले में हॉकी को नई ऊर्जा मिले और युवा खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बिहार का नाम रोशन करें। हॉकी बिहार खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, संसाधन और अवसरों के विस्तार के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।”