पटना, 29 अक्टूबर। बिहार के सकीबुल गणि ने स्थानीय मोइनुल हक स्टेडियम में कर्नाटक के खिलाफ खेले जा रहे रणजी ट्रॉफी मुकाबले में अपने फर्स्ट क्लास कैरियर का पांचवां शतक जमाया है।
मैच का हाल
कर्नाटक के खिलाफ खेले जा रहे इस मुकाबले का अंतिम व चौथा दिन है। कर्नाटक ने तीसरे दिन के स्कोर 7 विकेट पर 287 रन पर चौथे दिन की सुबह यानी मंगलवार (29 अक्टूबर, 2024) को अपनी पहली पारी घोषित कर दी। खबर लिखे जाने तक बिहार ने अपनी दूसरी पारी में 3 विकेट पर 161 रन बना लिये हैं। वैभव सूर्यवंशी एक फिर सस्ते में आउट हुए। उन्होंने 6 रन बनाये। पहली पारी में अर्धशतक जमाने वाले सरमन निगरोध बिना खाता खोले लौटे। बाबुल और सकीबुल ने मिल कर पारी को संभाला। बाबुल 111 गेंद में 44 रन बना कर आउट हुए। फिलहाल सकीबुल 100 और विपिन सौरभ 7 रन बना कर क्रीज पर जमे हैं और बिहार 17 रन से आगे है। बिहार की पहली पारी 143 रन पर सिमट गई थी।
सकीबुल गणि की पारी
बिहार के जब 6 रन पर दो विकेट गिर गए थे तब सकीबुल गणि क्रीज पर आये। बाबुल के साथ मिल कर पारी संभाला और 233 गेंदों में 130 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। सकीबुल गणि ने अपना शतक 148 गेंद में 14 चौका व 2 छक्का की मदद से पूरा किया। यह उनका पांचवां शतक है। सकीबुल ने 148 गेंद में 115 गेंद डॉट खेला। 26 रन उन्होंने सिंगल के जरिए बनाये। चार रन डब्ल्स के जरिए जबकि 3 रन ट्रिपल के जरिए। 56 रन उन्होंने चौका व 12 रन छक्का के जरिए बनाया। सकीबुल गणि ने दोनों छक्का विजय कुामर विशाख की गेंद पर मारा। इनकी गेंद पर 3 चौका भी जड़ा।
शानदार रहा है फर्स्ट क्लास क्रिकेट कैरियर
17 से 20 फरवरी, 2022 तक मिजोरम के खिलाफ फर्स्ट क्लास क्रिकेट में डेव्यू करने वाली बिहार के पूर्वी चंपारण जिला के सकीबुल गणि ने अपने पहले ही मैच में तिहरा शतक जमा विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किया है। कोलकाता के यादवपुर विश्वविद्यालय कैंपस ग्राउंड-2 पर खेले गए इस मुकाबले के दूसरे दिन यानी 18 फरवरी को सकीबुल गणि ने 387 गेंदों में 50 चौकों की मदद से तिहरा शतक जमाया था। इस मैच में सकीबुल गणि ने 341 रन की पारी खेली थी। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 19 मैचों की 32 पारियों में सकीबुल गणि ने कुल 1638 रन बनाये हैं। इसमें पांच शतक, चार अर्धशतक शामिल है। सबसे उच्चतम स्कोर 341 का है।
लिस्ट ए के 27 मैचों में कुल 683 रन बनाये हैं। 24 टी20 मैचों में 499 रन बनाये हैं।