Saturday, April 19, 2025
Home Slider जानें एमएस धौनी के रिटायरमेंट के बाद तेंदुलकर व कोहली सहित क्रिकेट जगत ने क्या कहा

जानें एमएस धौनी के रिटायरमेंट के बाद तेंदुलकर व कोहली सहित क्रिकेट जगत ने क्या कहा

by Khel Dhaba
0 comment

नईदिल्ली। महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर और भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली की अगुआई में क्रिकेट जगत ने दो बार के विश्व कप विजेता पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी को दूसरी पारी के लिए शुभकामनाएं दी जिन्होंने शनिवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहकर पिछले एक साल से उनके भविष्य को लेकर लग रही अटकलों पर विराम लगा दिया।
धौनी ने अपने इंस्टाग्राम पर लिखा, अब तक आपके प्यार और सहयोग के लिये धन्यवाद । शाम सात बजकर 29 मिनट से मुझे रिटायर्ड समझिये।’’
भारतीय क्रिकेट में आपका अहम योगदान : सचिन
तेंदुलकर ने धौनी को शुभकामनाएं देते हुए ट्वीट किया, भारतीय क्रिकेट में आपका योगदान बहुत बड़ा है महेंद्र सिंह धोनी। एक साथ 2011 विश्व कप जीतना मेरे जीवन का सर्वश्रेष्ठ लम्हा है। आपको और आपके परिवार को आपकी दूसरी पारी के लिए शुभकामनाएं।
उनको हमेशा याद रखा जायेगा : कोहली
भारतीय कप्तान के रूप में धौनी की जगह लेने वाले कोहली ने कहा कि इस पूर्व कप्तान ने देश के लिए जो किया है उसे हमेशा याद रखा जाएगा। कोहली ने ट्वीट किया, सभी क्रिकेटरों को एक दिन अपनी यात्रा का अंत करना होता है लेकिन जब आप किसी को इतने करीब से जानते हो और वह इस फैसले की घोषणा करता है तो आप अधिक भावुक हो जाते हो। आपने देश के लिए जो किया वह हमेशा सभी के दिलों में रहेगा।
धौनी की भरपाई करना आसान नहीं : शास्त्री
भारतीय टीम के मुख्य कोच रवि शास्त्री ने ट्वीट किया, ‘‘उनकी भरपाई करना आसान नहीं होगा। आपके साथ ड्रेसिंग रूम साझा करना और आपको काम में बेहद पेशेवर के रूप में देखना सम्मान की बात रही। इसकी कोई बराबरी नहीं है। लुत्फ उठाएं।’’

महेंद्र सिंह धौनी को मेरी शुभकामनाएं : अनिल कुंबले
पूर्व भारतीय कप्तान अनिल कुंबले ने धौनी को शुभकामनाएं देते हुए लिखा, शानदार अंतरराष्ट्रीय कैरियर के लिए महेंद्र सिंह धौनी को बधाई। आपके साथ खेलना सम्मान की बात रही। आपका धैर्यवान रवैया और कप्तान के रूप में आपने जो गौरवपूर्ण लम्हे दिए उन्हें हमेशा याद रखा जाएगा। आपको शुभकामनाएं।
अब ऐसा खिलाड़ी होना, मिशन इंपॉसिबल : सहवाग
अपने चुटीले अंदाज के लिए मशहूर भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने लिखा, ‘‘अब ऐसा खिलाड़ी होना, मिशन इंपॉसिबल है। ना कोई है, ना कोई था, ना कोई होगा धोनी के जैसा। खिलाड़ी आएंगे और जाएंगे लेकिन उसके जितना धैर्यवान नहीं होगा। धोनी इस तरह से लोगों से जुड़ा कि वह कई क्रिकेट प्रेमियों के लिए परिवार के सदस्य की तरह था। ओम फिनिशाय नम:। ’’
आपसे बहुत कुछ सीखा : रवींद्र जडेजा
स्टार भारतीय आलराउंडर रविंद्र जडेजा ने ट्वीट किया, ‘‘बड़ा भाई, मेंटर, कप्तान और इससे भी बढ़कर खेल का महान खिलाड़ी। कप्तान आपसे बहुत कुछ सीखा। खेल को आपकी कमी खलेगी।’’
उनके साथ खेलकर काफी लुत्फ उठाया : जहीर खान
पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज जहीर खान ने लिखा, ऐसा कप्तान जिसने अपने खिलाड़ियों को पूरा उपयोग किया। आपके साथ गेंदबाजी करते हुए जो स्वतंत्रता मिली उसका लुत्फ उठाया। आपको दूसरी पारी के लिए शुभकामनाएं महेंद्र सिंह धौनी।
लीजेंड ने संन्यास अपने अंदाज में लिया : अश्विन
स्टार भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने ट्वीट किया, ‘‘लीजेंड ने हमेशा की तरह अपनी शैली में संन्यास लिया। महेंद्र सिंह धोनी आपको देश के लिए सब कुछ दिया। चैंपियन्स ट्रॉफी जीत, 2011 विश्व कप और चेन्नई आईपीएल खिताब, ये जीत हमेशा मेरी यादों में रहेंगी। भविष्य के लिए शुभकामनाएं।’’
रिटायरमेंट क्लब में आपका स्वागत है : केविन पीटरसन
इंग्लैंड के पूर्व स्टार बल्लेबाज और अब कमेंटेटर केविन पीटरसन ने रिटायर खिलाड़ियों के क्लब में धौनी का स्वागत किया। उन्होंने लिखा, ‘‘रिटायरमेंट क्लब में स्वागत है महेंद्र सिंह धौनी। क्या जादुई करियर रहा।’’
बेहतरीन खेले महेंद्र सिंह धौनी : गौतम गंभीर
भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज और अब लोकसभा सदस्य गौतम गंभीर ने ट्वीट किया, ‘‘”भारत ए” से “भारत” तक हमारी यात्रा प्रश्नवाचक चिन्ह, अल्पविराम, रिक्तता और विस्मयादिबोधक से भरी रही है। अब जब आपने अपने अध्याय में पूर्ण विराम लगा दिया है तो मैं आपको अनुभव से बता सकता हूं कि नया चरण रोमाचंक होगा और यहां डीआरएस की कोई सीमा नहीं होगी। बेहतरीन खेले महेंद्र सिंह धोनी।’’
बेहतरीन क्रिकेट कैरियर के लिए बधाई : हरभजन
पूर्व भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह ने ट्वीट किया, ‘‘महानतम विकेटकीपर बल्लेबाज, कप्तान महेंद्र सिंह धोनी। मैं भविष्य में आपकी खुशियों की कामना करता हूं। मैदान पर सभी तरह के शानदार योगदान और यादों के लिए शुक्रिया। बेहतरीन क्रिकेट कै रियर के लिए बधाई… जल्दी ही आपको पीली जर्सी में देखेंगे, चेन्नई आईपीएल।’’
कप्तान। नेतृत्वकर्ता। लीजेंड : शिखर धवन
भारत के सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने लिखा, ‘‘कप्तान। नेतृत्वकर्ता। लीजेंड। देश के लिए आपने जो किया उसके लिए शुक्रिया माही भाई।’’

धौनी की बिना क्रिकेट की कहानी अधूरी : शोएब अख्तर
पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने भी ट्वीट करते हुए लिखा, ‘‘महेंद्र सिंह धौनी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहा। उसके बिना क्रिकेट की कहानी कभी पूरी नहीं होगी। जल्द ही वीडियो लेकर आऊंगा। क्या महान खिलाड़ी।’’
धौनी को भविष्य की शुभकामना : आफरीदी
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद आफरीदी ने धौनी को महानतम कप्तानों में से एक बताते हुए ट्वीट किया, ‘‘भारत क्रिकेट के वास्तविक महान खिलाड़ियों में से एक और महानतम कप्तानों में से एक, शानदार करियर के लिए बधाई महेंद्र सिंह धोनी। भविष्य के लिए शुभकामनाएं।’’
शानदार कप्तान, शानदार रिकॉर्ड : रमीज राजा
पाकिस्तान के एक अन्य पूर्व कप्तान रमीज राजा ने ट्वीट किया, ‘‘महेंद्र सिंह धौनी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहा। शानदार कप्तान, शानदार रिकॉर्ड, मनोरंजन करने वाला शानदार खिलाड़ी और डीआरएस पर फैसला करने में दुनिया में सर्वश्रेष्ठ लेकिन इन सबसे अधिक महेंद्र सिंह धोनी को भारतीय क्रिकेट के यादगार लम्हों में सबसे आगे रहने के लिए याद किया जाएगा।’’

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Subscribe my Newsletter for new blog posts, tips & new photos. Let's stay updated!

Laest News

@2025 – All Right Reserved.

error: Content is protected !!
Verified by MonsterInsights